Video: पानी के बोतल से यूक्रेनी सेना ने डिफ्यूज किया 500 किलो वजनी रूसी बम, सोशल मीडिया हैरान
सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें यूक्रेनी सेना के दो जवानों को एक विशालकाय रूसी बम को डिफ्यूज करते हुए देखा जा रहा है।
कीव, मार्च 10: यूक्रेन युद्ध अब 15वें दिन में पहुंच गया है और रूस की सेना अभी भी राजधानी कीव पर कब्जा करने के लिए संघर्ष कर रही है। वहीं, रूसी सेना पर यूक्रेन में अस्पतालों पर बम बरसाने के भी आरोप लग रहे हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूसी सेना पर महिलाओं और बच्चों के अस्पताल पर भारी बमबारी करने के आरोप लगाए है, लेकिन इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें रूसी सेना द्वारा गिराए गये एक बड़े बम को यूक्रेनी सेना के जवाब पानी के बोतल से डिफ्यूज कर रहे हैं।

पानी के बोतल से बम डिफ्यूज
सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें यूक्रेनी सेना के दो जवानों को एक विशालकाय रूसी बम को डिफ्यूज करते हुए देखा जा रहा है। सबसे हैरान करने वाली बात ये है, कि यूक्रेनी सेना के ये जवान पानी के बोतल से बम को डिफ्यूज कर रहे हैं, जबकि ये बम काफी शक्तिशाली है। इस बम की क्षमता इतनी है, कि ये बड़े बिल्डिंग को पूरी तरह से ध्वस्त कर सकता है, जमींदोज कर सकता है, लेकिन यूक्रेनी सैनिकों ने जान की परवाह किए बगैर इस बम को डिफ्यूज कर दिया।
काफी शक्तिशाली है 500 किलो का बम
आपको बता दें कि, इस बम का वजन 500 किलो है और रूस की सेना यूक्रेन सरकार के प्रशासनिक भवनों को उड़ाने के लिए इस बम का इस्तेमाल करती है और ऐसा ही एक बम एक बड़े बिल्डिंग को ध्वस्त करने के लिए गिराया गया था। लेकिन, इस बम में विस्फोट नहीं हुआ और जमीन पर ये बम बिना विस्फोट के गिर गया था, हालांकि ये बम एक्टिव था और इसमें कभी भी विस्फोट हो सकती थी। लिहाजा, इस बम को डिफ्यूज करना बेहद जरूरी था। वीडियो में दिख रहा है कि, यूक्रेनी सेना का एक जवान इस बम के मुंह पर बोतल से पानी गिरा रहा है, जबकि दूसरा जवान बम के ऊपरी हिस्से को सावधानी से घुमा रहा है। और फिर धीरे धीरे यूक्रेनी सेना का जवान शक्तिशाली बम से फ्यूज को निकाल लेता है, जिसके बाद ये बम डिफ्यूज हो जाता है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
यूक्रेनी सेना के दो जवानों का ये कारनाम सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है और लोग 'एमईआई-सीरिया' के सीनियर फेलो चार्ल्स लिस्टर ने इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया है। उन्होंने लिखा है कि, ''रूस का गिराया ये बम इरामत को समतल कर सकता है, फिर भी यूक्रेनी सेना का जवान अपने दो हाथों से और पानी के एक बोतल से इसे डिफ्यूज कर देते हैं, जबकि बम से कुछ आवाज निकल रही थी। दिमाग चकराने वाली वीरता!'' वहीं, सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी वायरल हो रहा है और लोग यूक्रेनी सेना की काफी तारीफ कर रहे हैं और एक सोशल मीडिया यूजर ने कहा है कि, 'इसीलिए मैं यूक्रेनी सेना का फैन हो चुका हूं।'

रूस पर अस्पतालों पर बम गिराने के आरोप
यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के ऊपर यूक्रेनी अस्पतालों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए रूस को 'युद्ध का मुजरिम' ठहराया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने दक्षिणपूर्वी शहर मारियुपोल में बच्चों के एक अस्पताल पर हुए हमले को "युद्ध अपराध" की श्रेणी में रखा है। अस्पताल पर रूसी हमले की अंतरराष्ट्रीय निंदा की जा रही है। जेलेंस्की ने कहा कि, "हमने डोनेट्स्क या लुहान्स्क क्षेत्रों, या किसी भी क्षेत्र के किसी भी शहर में इस युद्ध अपराध की तरह कुछ भी नहीं किया है और कभी नहीं करेंगे... क्योंकि हम इंसान हैं। लेकिन क्या तुम हो?" ज़ेलेंस्की ने अपनी बात रखने के लिए रूसी की ओर रुख करते हुए रूस को 'युद्ध अपराधी' के तौर पर जिम्मेदार ठहराने की मांग की है। आपको बता दें कि, यूनिसेफ के कार्यकारी निदेशक कैथरीन रसेल ने कहा है कि, यूक्रेन युद्ध में अभी तक कम से कम 37 बच्चे मारे गए हैं और 50 घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि, "दो सप्ताह से भी कम समय में", 10 लाख से अधिक बच्चों को पलायन करने के लिए मजबूर किया गया।

रूस ने आरोपों को ठुकराया
वहीं, रूस ने यूक्रेनी राष्ट्रपति के आरोपों को ठुकरा दिया है। रूस ने यूक्रेनी राष्ट्रपति के उस दावे को खारिज कर दिया है, जिसमें जेलेंस्की ने कहा था, कि रूसी सेना ने बच्चों के अस्पताल पर बमबारी की थी। रूस ने कहा है कि, यूक्रेनी राष्ट्रपति फर्जी खबर प्रसारित कर रहे हैं। रूस ने कहा है कि. ये एक पूर्व प्रसूति अस्पताल था, जिसे युद्ध की शुरूआत में ही रूस ने कब्जा कर लिया था। संयुक्त राष्ट्र में रूस के पहले उप स्थायी प्रतिनिधि दिमित्री पोलांस्की ने ट्विटर पर कहा, "इस तरह से फर्जी खबरें पैदा होती हैं।" पॉलींस्की ने कहा कि, रूस ने 7 मार्च को चेतावनी दी थी, कि अस्पताल को एक मिलिट्री ऑब्जेक्ट में बदल दिया गया था, जिससे यूक्रेनियन सेना गोलीबारी कर रही थी।












Click it and Unblock the Notifications