साउथ-चाइना सी पर तैनात मिसाइलें, अमेरिका और चीन के बीच जंग के आसार
वाशिंगटन। अमेरिका और चीन के बीच एक बार फिर से जंग के आसार पैदा हो गए हैं। खबरें हैं कि चीन ने साउथ-चाइना सी पर मिसाइलें तैनात कर दी हैं। ये मिसाइलें हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की ओर से दी गई सलाह को दरकिनार करके तैनात की गई हैं।

एक टीवी चैनल की ओर से दी गई खबरों के मुताबिक चीन ने रडार सिस्टम के साथ ही जमीन से आकाश में मार करने वाली करीब आठ मिसाइलों वाले फ्लीट को यहां पर डेप्लॉय किया है।
साउथ-चाइना सी का यह हिस्सा वूडी द्वीप कहलाता है जिस पर ताइवान और वियतनाम ने भी अपना-अपना दावा ठोंक रखा है।
वहीं दूसरी ओर इस पूरे मसले पर अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने भी कोई टिप्पणी करने से इंकार कर दिया है।
पेंटागन के स्पोक्सपर्सन बिल अरबन की ओर से कहा गया है कि वह इस पर कुछ नहीं कह सकते हैं क्योंकि यह इंटेलीजेंस से जुड़ा एक मुद्दा है। हालांकि अरबन के मुताबिक वह इस मामले पर करीब से नजर रखे हुए हैं।
यह पूरी खबर ऐसे समय आई है जब कैलिफोर्निया में राष्ट्रपति ओबामा और आसियान के नेताओं के बीच एक शिखर सम्मेलन खत्म हुआ है।
ओबामा ने इस सम्मेलन में अमेरिका और आसियान नेताओं के साथ साउथ-चाइना सी पर मौजूद तनाव को लेकर चर्चा की थी।











Click it and Unblock the Notifications