वर्चुअल किडनैपिंग: पैसे ठगने का नया तरीका, आप भी रहें सावधान
लीसबर्ग। लोगों को ठगने के लिए अपराधी आए दिन नए-नए तरीके खोजते रहते हैं। एक ऐसा ही तरीका सामने आया है कि वर्जीनिया के लीसबर्ग से। यहां पर शातिर बदमाश ने मुलर नाम की एक महिला की बेटी को अगवा कर लिया...!

आपको जानकर हैरानी होगी कि उनकी बेटी वास्तव में अगवा नहीं हुई थी, लेकिन जिस तरह से परिस्थितियां बनीं, मुलर को यकीन हो गया कि उनकी बेटी अगवा हो गई है। इसी चक्कर में वह 5 घंटे तक इधर से उधर भागती रहीं। ये 5 घंटे उनके लिए नरक जैसे बन गए।
तुम्हारी बेटी हमारे पास है
अपराधियों ने मुलर को फोन किया और कहा कि आपकी बेटी हमारे पास है। उन्होंने एक लड़की के चिल्लाने की आवाज भी सुनाई, जो मुलर को उनकी अपनी बेटी की तरह ही लगी। मुलर की बेटी घर से दूर रह कर पढ़ाई करती है, इसलिए भी वह काफी घबरा गईं।
इसके बाद शातिर बदमाशों ने मुलर से पूछा कि वो अपनी बेटी की जिंदगी बचाने के लिए कितने रुपए दे सकती हैं? मुलर ने बताया कि वह अपनी बेटी की जान बचाने के लिए 10 हजार पाउंड दे सकती हैं। अपराधी उनकी इस बात पर राजी हो गए।
उन्होंने मुलर से लगातार फोन पर जुड़े रहने को कहा और धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो वह उनकी बेटी को जान से मार देंगे। मुलर काफी डर गईं और जैसे-जैसे वह कहते गए, मुलर उस तरह से अपराधियों को पैसे भेजती रहीं।
9,100 पाउंड का लगा चूना
इसी तरह से पैसे भेजते-भेजते मुलर ने शातिर बदमाशों को करीब 9,100 पाउंड भेज दिए। तभी उनके पास उनकी बेटी का एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था- देखो मैंने आज कॉलेज में कैसे प्रोजेक्ट बनाया।
मैसेज देखते ही मुलर इस सोच में पड़ गईं कि आखिर ये क्या है? कुछ देर में जब उन्हें इस बात का यकीन हो गया कि उनकी बेटी सही सलामत है और किसी ने भी उसे अगवा नहीं किया है तो उन्होंने फोन काट दिया, लेकिन तब तक शातिर बदमाश उनसे 9,100 पाउंड ले चुके थे।
पुलिस ने बताई सच्चाई
जब बाद में मुलर ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी तो उन्होंने कहा कि इस तरह के कई गैंग हैं जो वर्चुअल किडनैपिंग का काम करते हैं। ये लोग जनता को फोन करते हैं और उनके किसी चाहने वाले के अगवा किए जाने की बात कहते हैं, जबकि वास्तव में ऐसा कुछ नहीं होता है।
पुलिस के अनुसार कुछ लोग पहले से अपने टारगेट के बारे में जानकारी जुटा कर ऐसा करते हैं, जबकि कुछ यूं ही लगातार फोन करते रहते हैं और जो फंस जाता है उससे पैसे ऐंठ लेते हैं।












Click it and Unblock the Notifications