Vietnam: वियतनाम की रियल एस्टेट टायकून को मौत की सजा, $12 अरब फ्रॉड केस में फैसला, क्या है मामला?
Vietnam: रियल एस्टेट टाइकून और अरबपति कारोबारी ट्रूंग माय लैन को देश के सबसे बड़े वित्तीय धोखाधड़ी केस में वियतनाम के हो ची मिन्ह शहर की एक अदालत ने मौत की सजा सुनाई है। कोर्ट का ये फैसला सनसनीखेज है, लेकिन कहा जा रहा है, धोखेबाज कारोबारियों के लिए ये फैसला, एक सबक कायम कर सकता है।
67 साल की प्रॉपर्टी सेक्टर की दिग्गज ट्रूंग माय लैन पर रियल एस्टेट कंपनी वैन थिन्ह फाट होल्डिंग्स ग्रुप के अध्यक्ष के तौर पर 12.5 अरब डॉलर की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया था, जो साल 2022 में देश की कुल जीडीपी का करीब 3 प्रतिशत था।

दिग्गज रियल एस्टेट कारोबारी को मौत की सजा
ट्रूंग माय लैन पर आरोप लगाया गया था, उन्होंने हजारों घोस्ट कंपनियों (फर्जी कंपनी) के माध्यम से, और सरकारी अधिकारियों को भारी-भरकम रिश्वत देकर 304 ट्रिलियन डोंग ($ 12.5 बिलियन) की धनराशि निकालने के लिए 2012 से 2022 के बीच साइगॉन ज्वाइंट स्टॉक कमर्शियल बैंक को अवैध रूप से नियंत्रित किया।
अक्टूबर 2022 में लैन को गिरफ्तार किया गया था, जो वियतनाम में चल रहे भ्रष्टाचार विरोधी अभियान में सबसे हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारियों में से एक थी। वियतनाम में 2022 से भ्रष्टाचार विरोधी अभियान काफी सख्ती से चलाया जा रहा है और कई मशहूर हस्तियों को सख्ततम सजा दी गई है।
जांच में शामिल अधिकारियों ने कहा है, कि 2018 की शुरुआत से अक्टूबर 2022 तक, जब सरकार ने एससीबी को बेलऑउट पैकेज दिया था और बैंक में जमा राशि निकालने पर रोक लगा दी थी, उसके बाद भी ट्रूंग माय लैन ने अपनी पहुंच और अपनी पावर का इस्तेमाल किया, उन्होंने अधिकारियों को भारी भरकम रिश्वत खिलाई और अपनी शेल कंपनियों को भारी-भरकम लोन दिलवाया और फिर ये राशि हड़प ली।
हालांकि, ट्रूंग माय लैन के वकीलों ने कहा है, कि वो फैसले के खिलाफ अपील करेंगे।
वियतनाम में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान
ट्रूंग माय लैन के खिलाफ ये मुकदमा 5 मार्च को शुरू हुआ था और तय वक्त से काफी पहले ही खत्म हो गया।
आपको बता दें, कि देश की कमुनिस्ट सत्ताधारी पार्टी के नेता गुयेन फु ट्रोंग ने देश से भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने का ऐलान करते हुए सख्त अभियान चलाया है और इसके तहत खतरनाक कार्रवाइयां की जा रही हैं।
सरकार की इस कार्रवाई को 'धधकती भट्ठी' कहा जाता है, और अभी तक देश के सैकड़ों वरिष्ठ अधिकारियों साथ साथ हाई-प्रोफाइल व्यावसायिक अधिकारियों पर मुकदमा चलाकर या तो उन्हें पद छोड़ने के लिए मजबूर किया गया है, या फिर सख्त से सख्त सजा सुनाई गई है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ इस अभियान ने वियतनामी राजनीति को काफी ज्यादा तनावपूर्ण बना दिया है और पूर्व राष्ट्रपति वो वान थुओंग ने भी अभियान में फंसने के बाद मार्च में इस्तीफा दे दिया था। 2022 में एक के बाद एक दर्जनों कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया, जिससे वियतनाम शेयर बाजार को करीब 40 अरब डॉलर से ज्यादा का नुकसान हुआ है, जिससे देश के कॉरपोरेट सेक्टर से निवेशकों का विश्वास डगमगा गया है।

ट्रूंग माय लैन कौन हैं?
बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रूंग माय लैन, हो ची मिन्ह शहर की एक चीनी-वियतनामी परिवार से आती हैं। और उनका परिवार, लंबे समय से वियतनामी अर्थव्यवस्था का वाणिज्यिक इंजन रहा है। हालांकि, ये परिवार कम्युनस्ट विरोधी विचारधारा के लिए जाना जाता है और हो ची मिन्ह शहर को भी कम्युनिस्ट विरोधियों की राजधानी के तौर पर जाना जाता है।
साल 1986 में वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी ने दोई मोई नाम का एक आर्थिक सुधार कार्यक्रम चलाया था और इसके तहत ट्रूंग माय लैन के परिवार की साफी सपंत्ति और जमीन सरकार ने पैसे देकर खरीद लिए। हालांकि, ट्रूंग माय लैन ने उसके बाद काफी तेजी से अपने कारोबार को चलाया और उनकी संपत्ति में काफी तेजी से इजाफा हुआ। कुछ सालों के बाद वो दर्जनों बड़े-बड़े होटल्स और रेस्टोरेंट की मालकिन बन गईं।
साल 2011 तक ट्रूंग माय लैन, वियतनाम की हो चीन मिन्ह शहर की सबसे प्रसिद्ध कारोबारी हस्ती बन गईं और उस वक्त उन्हें अपने तीन छोटे-छोटे बैंको, जो नकदी संकट से जूझ रहे थे, उन्हें साइगॉन कमर्शियल बैंक में विलय करने की इजाजत दे दी गई। लेकिन, बाद में पता चला, कि ट्रूंग माय लैन अपनी प्रॉक्सी कंपनियों के जरिए बैंक के 90 प्रतिशत से ज्यादा शेयर्स पर कब्जा कर लिए, जबकि वियतनामी कानून के मुताबिक, एक शख्स की बैंक के शेयर्स में हिस्सेदारी 5 प्रतिशत से ज्यादा नहीं हो सकती है।
आर्थिक मामलों के जानकारों को डर है, कि देश के दूसरे बैंकों में भी ऐसा किया गया होगा, जिससे वियतनाम की अर्थव्यवस्था पर खतरनाक असर हो सकता है। जबकि, विदेशी निवेशक भी खतरनाक सजाओं और अनिश्चित वातावरण से डर गये हैं और उन्होंने निवेश करना कम कर दिया है।
खासकर इस वक्त, जब चीन से कंपनियां बाहर निकल रही हैं, उस वक्त वियतनाम को उन कंपनियों के लिए सबसे बड़ा दूसरा घर कहा जा रहा था, लेकिन मौजूदा स्थिति ने उन कंपनियों को भी डरा दिया है।
दूसरी तरफ, वियतनाम में रियल एस्टेट क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित हुआ है और अनुमान है, कि 2023 में 1,300 रियल एस्टेट कंपनियां बंद हो गई हैं। वहीं, बाकी बचे डेवलपर्स, खरीदारों को आकर्षित करने के लिए भारी भरकम छूट और गिफ्ट पेशकश कर रहे हैं। वहीं, हो ची मिन्ह शहर में प्रॉपर्टी सेक्टर की कीमत एक तिहाई से ज्यादा गिर चुकी है, जिससे वियतनाम की अर्थव्यवस्था को जोरदार झटका लगा है।












Click it and Unblock the Notifications