VIDEO: हवा में जबरदस्त स्टंट के बाद आपस में भिड़े दो जहाज, पलभर में सब कुछ हो गया तबाह
नई दिल्ली: जर्मनी में एक भयानक हादसा हुआ है, जहां पर दो छोटे प्लेन आपस में टकरा गए। वहां पर मौजूद लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा। इस हवाई हादसे में अब तक दो पायलट की मौत की खबर है, जबकि दोनों प्लेन पूरी तरह से तबाह हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जर्मनी सरकार ने जांच के आदेश दे दिए हैं। (वीडियो-नीचे)

गिरते ही लगी आग
ये घटना शनिवार की है, जहां ल्यूमनिट्ज हवाई क्षेत्र में दो एरोबेटिक विमान स्टंट कर रहे थे। तभी उनका संतुलन बिगड़ा और वो आपस में भिड़ गए। जैसे ही वो जमीन पर गिरे, फ्यूल की वजह से उनमें भीषण आग लग गई। आनन-फानन में फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों पायलट्स को बचाया नहीं जा सका।

दोनों पायलट थे अनुभवी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 42 वर्षीय पायलट माइकल एस और 72 वर्षीय डाइटर जी की मौत इस घटना में हुई है। उन दोनों की जोड़ी हवाई स्टंट के लिए काफी फेमस थी। उन्होंने 2019 में विंटेज एरोबेटिक्स में विश्व चैंपियनशिप का खिताब भी जीता था। ऐसे में जांच दल को ये समझ नहीं आ रहा कि इतने अनुभवी पायलट के रहते कैसे दोनों जहाजों की टक्कर हुई।

हादसे की वजह पता नहीं
वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि दोनों विमान समानांतर उड़ते रहते हैं। तभी एक विमान ने स्टंट शुरू कर दिया। पहले वो पीछे गया, लेकिन बाद में वो उसके ऊपर आ गया। जिस वजह से दोनों विमान अनियंत्रित होकर सीधे जमीन पर आ गिरे। अभी तक हादसे की वजह पता नहीं चल पाई है। ऐसे में फेडरल इंस्टीट्यूट फॉर एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन और गेरा आपराधिक पुलिस के विशेषज्ञों ने जांच को अपने हाथ में ले लिया है।

कुछ अहम सबूत मिले
मामले में विमान दुर्घटना विशेषज्ञ नॉर्मन क्रेश्चमर्ट ने कहा कि अभी तक तकनीकी खराबी का कोई सबूत नहीं है। उनको पंखों के कुछ सैंपल मिले हैं, जिससे साफ होता है कि दोनों में काफी जबरदस्त टक्कर हुई थी। एक अन्य विशेषज्ञ का मानना है कि स्टंट के दौरान विमान के कुछ पुर्जों ने काम करना बंद कर दिया। जिस वजह से वो आगे का स्टंट नहीं कर पाए और ये हादसा हुआ। फिलहाल वीडियो जांच दल की काफी मदद करेगा।












Click it and Unblock the Notifications