Rahul Gandhi US Visit: 'क्या सिखों को भारत में पगड़ी पहनने की अनुमति है'...राहुल गांधी किसे भड़काना चाहते हैं?
Rahul Gandhi US Visit: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता, राहुल गांधी, इन दिनों तीन दिवसीय अमेरिका दौरे पर हैं। वर्जीनिया के हर्नडन में एक भारतीय प्रवासी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कड़ा हमला किया।
उन्होंने BJP पर छोटे व्यवसायों और जनता के बीच "डर और दबाव" फैलाने का आरोप लगाया, जिसे राहुल गांधी के अनुसार, कुछ ही सेकंड में गायब होते देखा गया।

'56 इंच का सीना...अब खत्म हो चुका है'
राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव के बाद हालात बदल गए हैं। कुछ लोगों ने बताया, 'अब डर नहीं लगता, डर निकल गया है'। BJP और पीएम मोदी ने जनता के बीच कई सालों तक डर फैलाया था, खासकर छोटे व्यवसायों पर एजेंसियों का दबाव बनाया, लेकिन चुनाव के बाद सब कुछ खत्म हो गया। उन्हें यह डर फैलाने में सालों लगे, लेकिन कुछ ही सेकंड में यह डर खत्म हो गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए कहा कि 56 इंच का सीना और भगवान से सीधा संबंध रखने का दावा अब खत्म हो चुका है। यह सब अब इतिहास बन गया है।
सीखो के नाम पर किसे भड़काना चाहते हैं?
राहुल गांधी ने अपने भाषण में सिख समुदाय के अधिकारों की बात भी की। उन्होंने कहा कि भारत में लड़ाई इस बात को लेकर है कि क्या सिखों को भारत में पगड़ी पहनने की अनुमति दी जाएगी...क्या सिखों को भारत में कड़ा पहनने की अनुमति दी जाएगी या वे गुरुद्वारा जा सकेंगे...यही लड़ाई है और यह सिर्फ सिखों के लिए नहीं है, यह सभी धर्मों के लिए है।
'RSS की विचारधारा के खिलाफ लड़ाई जारी'
राहुल गांधी ने अपने भाषण में RSS (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि RSS का कहना है कि कुछ राज्य, भाषाएं, धर्म और समुदाय दूसरे से कमतर हैं। यह विचारधारा देश के लिए खतरनाक है। हर राज्य की अपनी एक अलग परंपरा और इतिहास है, और RSS इसे नहीं समझता। यही वजह है कि RSS की विचारधारा के खिलाफ लड़ाई जारी है।"
संविधान और संघ राज्य का मुद्दा
राहुल गांधी ने BJP पर भारत के संघीय ढांचे को न समझने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "भारत एक संघ राज्य है, जिसमें हर राज्य की अपनी पहचान, इतिहास, परंपरा, संगीत और नृत्य है। लेकिन BJP इसे नकार रही है और यह दावा कर रही है कि भारत एक अलग प्रकार का संघ है। उन्हें यह समझना चाहिए कि भारत सबका है।"
बैंक खाते फ्रीज होने का दावा
राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव से कुछ महीने पहले उनके सभी बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया था। उन्होंने कहा, "चुनाव से पहले हमारे खाते फ्रीज कर दिए गए, और हम सोच रहे थे कि अब क्या करेंगे। फिर भी हम चुनाव में उतर गए और लड़े।"
सैम पित्रोदा का बयान
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर कहा कि यह दौरा अमेरिका में भारतीय समुदाय के साथ मेलजोल बढ़ाने और वैश्विक नेताओं से मिलने का एक अवसर है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल के चुनावों में भाजपा को 400 से अधिक सीटें न मिलने का श्रेय भारतीय जनता को जाता है, जिन्होंने लोकतंत्र के लिए मतदान किया। हालांकि, उन्होंने EVM (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications