अब भारतीयों को जल्द मिलेगा अमेरिका का वीजा! इस साल के अंत तक पायलट प्रोजेक्ट लॉन्च करेगा अमेरिका
कोरोना संकट के बाद जब से अमेरिका ने कोरोना प्रतिबंधों में छूट दी है, तब से भारत से अमेरिका जाने वाले लोगों की संख्या में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है।

File Image
अमेरिकी सरकार ने लोगों को जल्द से जल्द वीजा देने का काम तेज कर दिया है। इसके लिए अमेरिकी सरकार ने प्रेसिडेंशियल कमीशन की सिफारिशें लागू कर दी हैं। इन सिफारिशों के लागू होने से अमेरिकी दूतावास में वीजा बैकलॉग खत्म होगी और लोगों को जल्द अमेरिका का वीजा मिल सकेगा। अमेरिकी सरकार का यह कदम एच-1बी और एल1 वीजा रखने वाले कई विदेशी तकनीकी कर्मचारियों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। इस साल के अंत में निर्धारित पायलट प्रोजेक्ट के लॉन्च के पूरी तरह से क्रियान्वित होने पर, अमेरिका में स्थित हजारों भारतीय तकनीकी पेशेवरों को महत्वपूर्ण राहत मिलेगी।
वीजा के लिए बढ़ा इंतजार
बता दें कि भारत समेत कई देशों में अमेरिका के वीजा के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। खासकर कोरोना संकट के बाद जब से अमेरिका ने कोरोना प्रतिबंधों में छूट दी है, तब से भारत से अमेरिका जाने वाले लोगों की संख्या में जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। जिसकी वजह से अमेरिकी दूतावासों में वीजा इंटरव्यू के लिए लंबी वेटिंग चल रही है। कुछ समय पहले कई रिपोर्ट में बताया गया था कि अमेरिका जाने वाले लोगों के लिए वीजा का इंतजार 800 दिन तक बढ़ गया है।
3 साल के लिए होती है H1B वीजा
2004 तक गैर-आप्रवासी वीजा जैसे एच-1बी वीजा को कुछ श्रेणियों के लिए अमेरिका के भीतर नवीनीकृत किया जा सकता था। उसके बाद इस नियम में बदलाव आ गया। वर्तमान में, अमेरिका के भीतर H-1B वीजा रीस्टैंपिंग की अनुमति नहीं है और इसे केवल अमेरिकी वाणिज्य दूतावास में ही किया जा सकता है। इस नियम की वजह से विदेशी अतिथि श्रमिकों और उनके नियोक्ताओं को असुविधा की स्थिति बन जाती है। आपको बता दें कि एच-1बी वीजा आमतौर पर तीन साल के समय के लिए जारी किया जाता है।
वीजा रिन्यूअल कराने में आसानी
बता दें कि H-1B वीजा एक गैर-आप्रवासी वीजा है जो अमेरिकी कंपनियों को विशेष सैद्धांतिक या तकनीकी कौशल वाले विदेशी कर्मचारियों को नियुक्त करने में सक्षम बनाता है। प्रौद्योगिकी कंपनियां भारत और चीन जैसे देशों से सालाना हजारों कर्मचारियों को नियुक्त करने के लिए इस वीजा पर भरोसा करती हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक विदेश विभाग के हवाले से कहा है कि हम कुछ याचिका-आधारित एनआईवी श्रेणियों के लिए इस सेवा को फिर से शुरू करने की योजना पर गंभीरता से काम कर रहे हैं और हमें उम्मीद है कि इस साल के अंत तक एक पायलट शुरू हो जाएगा और चल रहा होगा। इससे इन आवेदकों को वीजा रिन्यूअल के लिए विदेश यात्रा करने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications