2400 फ्लाइट्स कैंसिल, बर्फ की बेतहाशा बारिश...अमेरिका में 'बम साइक्लोन' से तबाही, जानें क्या है?
अमेरिका में क्रिसमस की छुट्टी शुरू हो चुकी है और ऐसे में मौसम बिगड़ने से साढ़े 13 करोड़ नागरिक सीधे तौर पर प्रभावित होंगे, जबकि एयरलाइंस सर्विस पर इसका सीधा असर पड़ा है।

Bomb Cyclone In America: साल 2022 के खत्म होते होते अमेरिका बहुत बड़ी कुदरती मुसीबत में फंस गया है और भीषण बर्फबारी ने अमेरिका की रफ्तार रोक दी है। क्रिसमस से पहले अमेरिका के कई प्रांतों में पारा माइनस में पहुंच गया है और लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश की वजह से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। अमेरिका में 2400 से ज्यादा फ्लाइटों को कैंसिल करना पड़ा है और ऐसा लग रहा है, कि क्रिसमस के जश्न से पहले अमेरिकी लोगों के रंग में भंग पड़ गया है।

बर्फ की बारिश से परेशान लोग
अमेरिका के शिकागो और डेनवर में हजारों उड़ानें रद्द कर दी गईं हैं और बेघरों के लिए बनाए गये शेल्टर होम पूरे तरह से भरे हुए हैं। लोगों को आश्रय स्थलों में रहने के लिए जगह नहीं मिल रही है। अमेरिका में पिछले कुछ दशकों में छुट्टी के दिनों में ये भारी बर्फबारी रिकॉर्ड की जा रही है। पिछले कुछ दिनों में अमेरिका में तापमान माइनस 50 डिग्री फॉरेनहाइट तक गिर गई है। वहीं, मौमस पुर्वानुमान में 'बम साइक्लोन' की चेतावनी जारी की गई है। आशंका है कि, अमेरिका के कई हिस्सों में क्रिसमस के आसपास भीषण चक्रवात आ सकता है, जिससे स्थिति काफी बुरी हो सकती है। मौसम विज्ञानी एश्टन रॉबिन्सन कुक ने गुरुवार को कहा कि, ठंडी हवा मध्य संयुक्त राज्य अमेरिका से पूर्व की ओर बढ़ रही है और आने वाले दिनों में विंडचिल की वजह से करीब साढ़े 13 करोड़ लोग बुरी तरह से प्रभावित हो सकते हैं। मौसम वैज्ञनिकों का कहना है, तापमान इतनी ज्यादा गिर जाएगी, कि उस ठंढ को बर्दाश्त करना लोगों के लिए असंभव जैसा हो जाएगा।
बेहद गंभीर हो सकती है स्थिति
वहीं, लगातार खराब होती स्थिति को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है, कि 'ये उस तरह की बर्फबारी नहीं है, जिसे देखकर बचपन में आप खुश होते थे।' मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 'बम साइक्लोन' आने की पूरी आशंका है और ये स्थिति उस वक्त बनती है, जब वायुमंडलीय दबाव एक मजबूत तूफान की वजह से बहुत तेजी से गिरता है। ऐसी आशंका है कि, अगर कुछ घंटों के अंदर अमेरिका में 'बम साइक्लोन' आ सकता है, जिससे करोड़ों लोग बुरी तरह से प्रभावित हो सकते हैं। मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि, ऐसी स्थिति में काफी तेजी के साथ बर्फीला तूफान उठेगा, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है।
हजारों विमानों पर गंभीर असर
रिपोर्ट के मुताबिक, भीषण बर्फबारी की वजह से अभी तक 2 हजार से ज्यादा फ्लाइटों को कैंसिल कर दिया गया है, वहीं करीब 7400 फ्लाइट्स काफी ज्यादा लेट से उड़ान भर रहे हैं। शिकागो और डेनवर क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है, जहां की एक चौथाई से ज्यादा उड़ानों को रद्द करना पड़ा है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिकागो के ओ हरे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार शाम को माइनस 13 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने बुधवार को एक घंटे में 37 डिग्री की गिरावट देखी, जो पहले एक घंटे की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी
जान-माल का हो सकता है नुकसान
वेदर प्रेडिक्शन सेंटर ने कहा कि, "शुक्रवार तक ग्रेट प्लेन्स (विल) पर जीवन के लिए खतरनाक हवा का झोंका देश के पूर्वी हिस्से में फैल जाएगा। खास तौर पर साउथ डकोटा और व्योमिंग काफी ज्यादा प्रभावित होंगे।" सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, बेतहाशा बर्फबारी की वजह से करीब करीब सभी अमेरिकी राज्य प्रभावित हैं और विंड चिल अलर्ट, कनाडा की सीमा से मैक्सिकन सीमा तक और वाशिंगटन राज्य से फ्लोरिडा तक लोगों को प्रभावित कर रहा है। गुरुवार की सुबह टेक्सास के दक्षिण में शून्य से नीचे हवा की ठंड दर्ज की गई और शुक्रवार तक दक्षिण पूर्व में काफी कम तापमान रहने की उम्मीद है। मौसम भविष्यवाणी केंद्र ने कहा है कि, "1 से 2 इंच प्रति घंटे की दर से भारी बर्फबारी होने की संभावना है और इस दौरान 50 मील प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से हवा के झोंके चलेंगे, जिससे भारी नुकसान होने की संभावना है।"

क्या होता है 'बम साइक्लोन'?
'बम साइक्लोन' की स्थिति में तूफान चक्रवात का रूप ले लेता है और उस दौरान तूफान की रफ्तार लगातार बढ़ती रहती है, जिससे तापमान लगातार गिरता ही चला जाता है। वहीं, स्थिति उस वक्त काफी ज्यादा खराब हो जाती है, जब एक ही तूफान के अंदर दो तूफानों वाली ताकत आ जाती है, क्योंकि ये ग्रेट लेक्स में चला जाता है। मौसम सेवा के बफ़ेलो कार्यालय में एक फोरकास्टर ने मंगलवार कहा है कि, "ऐसी घटना एक पीढ़ी में एक ही बार हो सकती है और बफ़ेलो और आसपास के समुदायों में शुक्रवार सुबह 7 बजे बर्फ़ीले तूफ़ान की चेतावनी दी गई है, जहां एक से तीन फीट तक बर्फबारी हो सकती है और 70 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। बफ़ेलो के मेयर बायरन ब्राउन ने गुरुवार को कहा कि, "यह सामान्य तूफान नहीं होने जा रहा है।" उन्होंने कहा कि,"वास्तव में, यह एक जानलेवा तूफान हो सकता है।"










Click it and Unblock the Notifications