'विश्वास है पाकिस्तान परमाणु हथियारों को सुरक्षित रखेगा', अमेरिकी राष्ट्रपति अपने बयान से पलटे
जो बाइडेन ने पिछले हफ्ते डेमोक्रेटिक पार्टी के कार्यक्रम में पाकिस्तान को दुनिया के लिए खतरनाक देश बताया था, जिसपर पाकिस्तान की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया दी गई थी।
Joe Biden on Pak nuclear Weapon: जिस बात की संभावना थी, वही हुआ है और अमेरिती राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पाकिस्तान पर यू-टर्न ले लिया है और एक हफ्ते पहले जिस अमेरिकी राष्ट्रपति ने पाकिस्तान को 'दुनिया का सबसे खतरनाक' देश बताया था, अब वो अपने बयान से पलट गये हैं। अमेरिकी विदेश विभाग ने एक बयान जारी किया है, जिससे पता चलता है कि, उसमें राष्ट्रपति बाइडेन के बयान का खंडन किया गया है।

अमेरिका ने बदल दिया बयान
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी विदेश विभाग के उप-प्रवक्ता वेदांत पटेल ने न्यूज ब्रीफिंग में कहा कि, एक "सुरक्षित और समृद्ध" पाकिस्तान को हमेशा अमेरिका अपने हितों के लिए महत्वपूर्ण मानता है। उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि, "(अमेरिका) पाकिस्तान की प्रतिबद्धता और अपनी परमाणु संपत्ति को सुरक्षित करने की उसकी क्षमता के प्रति आश्वस्त है।" अमेरिकी विदेश विभाग की ये टिप्पणी राष्ट्रपति बाइडेन की टिप्पणी के बाद आई है, जिसमें अमेरिका को अपने बयान से पलटता हुआ देखा जा सकता है और बयान से पलटना बताता है, कि राष्ट्रपति बाइडेन कितने कमजोर और कनफ्यूज राष्ट्रपति साबित हो रहे हैं। माना जा रहा है कि, बाइडेन की टिप्पणी के बाद पाकिस्तान की कड़ी प्रतिक्रिया के बाद अमेरिका राष्ट्रपति के बयान से पलट गया है। वहीं, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने भी बाइडेन के बयान को 'गलत और भ्रामक' बताया है।
Recommended Video

पाकिस्तान ने दी थी कड़ी प्रतिक्रिया
जो बाइडेन ने पिछले हफ्ते डेमोक्रेटिक पार्टी के कार्यक्रम में पाकिस्तान को दुनिया के लिए खतरनाक देश बताया था, जिसके बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक ट्वीट में कहा कि, "मैं स्पष्ट रूप से दोहराता हूं, कि पाकिस्तान एक जिम्मेदार परमाणु राज्य है और हमें इस बात पर गर्व है कि आईएईए (अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी) की गाइडलाइंस के मुताबिक, हमारी परमाणु संपत्ति के पास सबसे अच्छे सुरक्षा उपाय हैं।" उन्होंने कहा कि, "हम इन सुरक्षा उपायों को अत्यंत गंभीरता से लेते हैं। इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए।" वहीं, पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्री खुर्रम दस्तगीर ने बाइडेन के बयान को खारिज करते हुए कहा था कि, अमेरिकी राष्ट्रपति का बयान "निराधार" है। उन्होंने कहा था कि, "अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों ने एक बार नहीं बल्कि कई बार पाकिस्तान के परमाणु डेटरेंड को वेरिफाई किया है और कहा है, कि हमारी कमान और नियंत्रण प्रणाली सुरक्षित है।"

बाइडेन ने पाकिस्तान पर क्या कहा था?
राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा था कि, पाकिस्तान "दुनिया के सबसे खतरनाक देशों में से एक" है, क्योंकि पाकिस्तान के पास "बिना किसी सामंजस्य के परमाणु हथियार" हैं। वहीं, बाइडेन ने यूक्रेन-रूस युद्ध को लेकर कहा था कि, दुनिया तेजी से बदल रही है और देश अपने गठबंधनों पर पुनर्विचार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि,"मैं वास्तव में इस बात पर विश्वास करता हूं, कि दुनिया हमें देख रही है। यहां तक कि हमारे दुश्मन भी हमें यह पता लगाने के लिए देख रहे हैं, कि हम इसका पता कैसे लगाते हैं, हम क्या करते हैं।" बाइडेन का ये बयान परमाणु बमों के लापरवाह निर्माण को लेकर थी और तमाम रिपोर्ट्स में कहा गया है, कि पाकिस्तान काफी तेजी के साथ परमाणु हथियारों का निर्माण कर रहा है। बुलेटिन ऑफ अटॉमिक साइंटिस्ट की ताजा रिपोर्ट में पाकिस्तान के पास करीब 165 परमाणु बम होने की बात कही गई है, लेकिन चेतावनी ये दी गई है, कि पाकिस्तान जिस रफ्तार से परमाणु बमों का निर्माण कर रहा है, उस हिसाब से पाकिस्तान के पास साल 2025 तक 200 के करीब परमाणु बम हो जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications