तालिबान की बड़ी जीत, काबुल एयरपोर्ट के 3 गेट को अमेरिकी सेना ने छोड़ा, लड़ाकों ने जमाया कब्जा
नई दिल्ली, 28 अगस्त: अफगानिस्तान में हालात बहुत ज्यादा बिगड़ गए हैं, जहां सभी राज्यों में तालिबान का कब्जा हो रखा है। साथ ही वो नई सरकार के गठन की प्रक्रिया में लगा है। वैसे तो काबुल पर कब्जे के बाद भी हामिद करजई इंटरनेशनल एयरपोर्ट अमेरिका, तुर्की और नाटो सैनिकों के जिम्मे था, लेकिन अब वहां से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जिसके मुताबिक अमेरिकी सैनिकों ने एयरपोर्ट के कई गेट को छोड़ दिया है। ऐसे में अब उस पर तालिबानी लड़ाकों का कब्जा हो गया है। इसे तालिबान के लिए एक बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है।

अफगानी मीडिया हाउस TOLO न्यूज के मुताबिक अमेरिकी सैनिकों ने एयरपोर्ट के तीन गेट को छोड़ दिया है। इसके अलावा उन्होंने एयरपोर्ट के कुछ अन्य हिस्सों को भी खाली किया है। जिसके बाद से वहां पर तालिबान का कब्जा हो गया। अब उसके लड़ाके ही वहां की सुरक्षा-व्यवस्था का जिम्मा संभाल रहे हैं। इससे पहले तुर्की, अमेरिका और तालिबान में एयरपोर्ट के कंट्रोल को लेकर भिड़ंत हुई थी। तालिबान चाहता है कि पूरे देश पर कब्जा होने की वजह से एयरपोर्ट भी उसके कंट्रोल में आए, जबकि तुर्की का कहना है कि वो 2002 से वहां पर है। ऐसे में एयरपोर्ट पर उसका कंट्रोल बना रहना चाहिए।
एयरपोर्ट ही आने-जाने का जरिया
पूरे अफगानिस्तान में हिंसा हो रही है। साथ ही तालिबानी लड़ाके हर जगह फैले हैं, ऐसे में काबुल एयरपोर्ट ही वहां से निकलने का एकमात्र जरिया था। अब उस पर तालिबान का कब्जा होने से रेस्क्यू मिशन पर सीधा असर पड़ेगा।
बड़ा बम धमाका
दो दिन पहले गुरुवार को एयरपोर्ट के बाहर एक बड़ा बम धमाका हुआ था, जिसमें 103 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 150 से ज्यादा लोग घायल हुए। इस हमले की जिम्मेदारी ISIS ने ली थी। साथ ही इसमें 13 अमेरिकी सैनिक भी मारे गए थे।












Click it and Unblock the Notifications