'घर में घुसकर मारेंगे...', प्रधानमंत्री मोदी और राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को धमकी पर क्या बोला अमेरिका?
US-India News: संयुक्त राज्य अमेरिका ने आतंकवादियों को मारने के लिए सीमा पार करने पर प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयानों पर प्रतिक्रिया दी है और अमेरिका की प्रतिक्रिया, पाकिस्तान के लिए बहुत बड़ा झटका है।
बाइडेन प्रशासन ने कहा है, कि अमेरिका इस मामले में खुद को शामिल नहीं करेगा, लेकिन "भारत और पाकिस्तान को किसी भी तनाव से बचने के लिए बातचीत के माध्यम से समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित करता है।

अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर से मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान पाकिस्तान में एक के बाद आतंकवादियों को मारे जाने में भारत की कथित भूमिका को लेकर सवाल पूछा गया था। पिछले दिनों ब्रिटिश अखबार द गार्जियन ने दावा किया था, कि भारत की खुफिया एजेंसी ने अभी तक पाकिस्तान में कम से कम 20 वांटेड आतंकवादियों को मारा है। ब्रिटिश अखबार का दावा पाकिस्तानी अधिकारियों के उस दावे की पुष्टि करता है, जिसमें आरोप लगाया गया है, कि 'पाकिस्तान में घुसकर भारत पाकिस्तान नागरिकों को मार रहा है।'
क्या मोदी और राजनाथ के बयानों को 'इकबालिया बयान' माना जाएगा?
जब अमेरिका के प्रवक्ता से पूछा गया, कि क्या प्रधानमंत्री मोदी और राजनाथ सिंह की पाकिस्तान को लेकर की गई टिप्पणियों को कनाडा में (खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह) निज्जर की कथित हत्या, (नामित आतंकवादी गुरपतवंत सिंह) पन्नू की न्यूयॉर्क में हत्या की साजिश और हत्याओं पर "इकबालिया बयान" के रूप में देखा जा सकता है? अमेरिकी प्रवक्ता मिलर ने कहा, कि "अमेरिका इस मामले में शामिल नहीं होगा।"
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता ने कहा, कि "संयुक्त राज्य अमेरिका इसके बीच में नहीं पड़ने वाला है, लेकिन हम भारत और पाकिस्तान दोनों को तनाव से बचने और बातचीत के माध्यम से समाधान खोजने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।"
वहीं, इस सवाल पर, कि अमेरिका ने इस मामले पर भारत पर प्रतिबंधों पर विचार क्यों नहीं किया? मिलर ने कहा, "मैं कभी भी किसी भी प्रतिबंध की कार्रवाई का पूर्वावलोकन नहीं करने जा रहा हूं, जिसका मतलब यह नहीं है, कि कोई भी प्रतिबंध लगाया जा रहा है। लेकिन जब आप मुझसे इस बारे में बात करने के लिए कहेंगे, तो प्रतिबंध, यह कुछ ऐसा है, जिस पर हम खुलकर चर्चा नहीं करते हैं।"
आपको बता दें, कि इस महीने की शुरुआत में, भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सीमा पार आतंकवाद से निपटने के लिए नई दिल्ली के मुखर दृष्टिकोण का जिक्र करते हुए कहा था, कि "अगर आतंकवादी भारत में शांति भंग करने या आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें उचित जवाब दिया जाएगा, और यदि वे भागकर पाकिस्तान जाते हैं, को भारत उन्हें मारने के लिए पड़ोसी देश में घुस जाएगा।"
भारतीय रक्षा मंत्री ब्रिटिश अखबार द गार्जियन की एक रिपोर्ट पर एक सवाल का जवाब दे रहे थे, जिसमें दावा किया गया था, कि भारतीय खुफिया एजेंसियों ने 2019 के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक साहसी दृष्टिकोण के तहत पाकिस्तान में आतंकवादियों की हत्याएं कीं। कथित तौर पर पीएम मोदी ने भी सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संदर्भ में भी इसी तरह की टिप्पणी की थी।












Click it and Unblock the Notifications