Ron DeSantis: डोनाल्ड ट्रंप ने दी थी खतरनाक धमकी, रॉन डीसेंटिस फिर भी लड़ेंगे राष्ट्रपति चुनाव, जानें कौन हैं?
रॉन डीसेंटिस को डोनाल्ड ट्रंप 2.0 माना जाता है और वो भी ट्रंप की तरह ही दक्षिणपंथी राजनीति करने में माहिर माने जाते हैं।

Donald Trump Vs Ron DeSantis: अमेरिका में अगले साल होने वाले राष्ट्रपति चुनाव के लिए जो बाइडेन और डोनाल्ड ट्रंप अपनी अपनी दावेदारी का ऐलान कर चुके हैं।
एक तरह जहां बाइडेन के खिलाफ किसी मजबूत उम्मीदवार के खड़ा होने की संभावना नहीं है, तो दूसरी तरफ डोनाल्ड ट्रंप को चुनौती देने के लिए रॉन डीसेंटिस आज एलन मस्क के साथ मिलकर ट्विटर पर अपनी दावेदारी का ऐलान करने जा रहे हैं।
रॉन डीसेंटिस का चुनावी मैदान में उतरना, डोनाल्ड ट्रंप को इस रेस से बाहर भी कर सकता है, क्योंकि यौन शोषण से लेकर पॉर्न स्टार तक से संबंध रखने के आरोपी डोनाल्ड ट्रंप की काफी थू-थू पिछले कुछ महीनों में हुई है, लिहाजा रिपब्लिकन पार्टी के पहले पसंद रॉन डीसेंटिस बन सकते हैं, जिनसे डोनाल्ड ट्रंप को हमेशा से डर रहा है।

रॉन डीसेंटिस को माना जाता है ट्रंप 2.0
रिपब्लिकन पार्टी के रॉन डीसेंटिस ने एकतरफा मुकाबले में डेमोक्रेटिक पार्टी के चार्ली क्रिस्ट को हराकर फ्लोरिडा गवर्नर का चुनाव साल 2018 में जीता था।
रॉन डीसेंटिस ने बम्पर चुनावी जीत हासिल करने के बाद विजयी भाषण में गर्भपात, समलैंगिकता जैसे मुद्दों पर काफी आक्रामक बयान दिए थे, लिहाजा कई विश्लेषक उन्हें डोनाल्ड ट्रंप 2.0 भी कहते हैं, जो सामने वाली भीड़ को अपने आक्रामक अंदाज से फिदा कर देते हैं।
रॉन डीसेंटिस की बढ़ती लोकप्रियता ने हमेशा से डोनाल्ड ट्रंप को परेशान कर रखा है। दोनों नेता कई महीनों से आमने-सामने हैं और कई मौकों पर एक-दूसरे पर सार्वजनिक चुटकियां ले चुके हैं। डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार ये चेतावनी दी थी, कि अगर रॉन डीसेंटिस राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपनी दावेदारी का ऐलान करते हैं, तो उनके खिलाफ 'खतरनाक खुलासे' किए जाएंगे।
लेकिन, अब जबकि आज रॉन डीसेंटिस अपनी दावेदारी का ऐलान करने वाले हैं, तो फिर देखना होगा, कि डोनाल्ड ट्रंप उनके खिलाफ 'खतरनाक खुलासे' करते हैं या नहीं।

रॉन डीसेंटिस कौन हैं?
45 साल के रॉन डीसेंटिस साल 2012 में पहली बार हॉउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के लिए चुने गये थे और उसके 6 सालों के बाद साल 2018 में वो पहली बार गवर्नर बने।
रॉन डीसेंटिस खुद को 'ब्लू कॉलर जड़ वाला मूल फ्लोरिडियन' के तौर पर वर्णित करते हैं। उन्होंने येल यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है, जहां वे विश्वविद्यालय बेसबॉल टीम के कप्तान थे। इसके बाद वे हार्वर्ड लॉ स्कूल गए।
हार्वर्ड में पढ़ाई के दौरान ही वो JAG ऑफिसर के तौर पर अमेरिकी नौसेना की लॉ विंग में शामिल हुए और 2010 में उन्होंने रिटायर्टमेंट ले ली और राजनीति में आ गये। साल 2012 में पहली बार वो फ्लोरिडा से हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव के सदस्य बने और उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के शुरूआती दिनों में अपना अभियान मुख्य तौर पर टैक्स कम करने तक सीमित रखा और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की उन्होंने खुलकर आलोचना की।
रह चुके हैं डोनाल्ड ट्रंप के करीबी
रॉन डीसेंटिस ने जब साल 2018 में फ्लोरिडा का गवर्नर बनने की रेस में शामिल होने की घोषणा की थी, तो उस वक्त उन्हें तत्कालीन राष्ट्र्पति डोनाल्ड ट्रंप समेत रिपब्लिकन पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं का समर्थन मिला था।
उनका चुनाव अभियान पूरी तरह से डोनाल्ड ट्रंप के चुनावी कैम्पेन से प्रभावित था और ट्रंप के चुनावी नारे 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' का वो काफी प्रचार किया करते थे। वो अकसर बच्चों को ब्लॉक खेलते समय 'मेक अमेरिका ग्रेट अगेन' के बारे में बताया करते थे।
उनका अंदाज काफी आक्रामक था, लिहाजा रॉन डेसेंटिस की लोकप्रियता भी तेजी के साथ बढ़ने लगी, जिसने डोनाल्ड ट्रंप को असहज करना शुरू कर दिया और फिर दोनों नेताओं के बीच की दूरियां बढ़ने लगीं। और डोनाल्ड ट्रंप अब अमेरिका के लिए सबसे ज्यादा विवादित राष्ट्रपति भी बन चुके हैं।
लिहाजा, रॉन डीसेंटिस को बाइडेन के खिलाफ एक लोकप्रिय विकल्प माना जा रहा है। वहीं, उनकी बढ़ती सफलता को ट्रम्प के लिए एक खतरे के रूप में देखा जा रहा है, लिहाजा आने वाले वक्त में डोनाल्ड ट्रंप और रॉन डेसेंटिस के बीच तगड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications