कौन था वह शख्स जिसके कहने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कभी सिगरेट और शराब को हाथ नहीं लगाया
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस के रोज गार्डन में मीडिया के सामने कहा है कि वह शराब नहीं पीते हैं। डोनाल्ड ट्रंप ने यह एक सवाल के जवाब में कही है। राष्ट्रपति ट्रंप ने इसके साथ ही यह भी कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट के लिए नामित ब्रेट कैवनॉघ की इस आदत को फॉलो नहीं करते हैं। कैवनॉघ ने पिछले हफ्ते सीनेट में गवाही के दौरान बार-बार एक ही बात दोहराई और कहा 'मुझे बीयर पसंद है।' ट्रंप, सोमवार को मीडिया को संबोधित कर रहे थे और उन्होंने कुछ अहम मुद्दों पर जवाब दिए।

शराब की वजह से होता सबसे बुरा इंसान
सीएनएन की जर्नलिस्ट कैटलान कोलिंस के एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा, 'मैं पियक्कड़ नहीं हूं। मैं ईमानदारी से कह सकता हूं कि मैंने अपनी जिंदगी में बीयर तक नहीं पी है। सिर्फ यही मेरी अच्छी आदतों में शुमार है।' ट्रंप के यह कहते ही रोज गार्डन में हंसी ठहाके गूंजने लगे। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मैंने अपनी जिंदगी में कभी एल्कोहल नहीं लिया चाहे वजह कुछ भी हो।' ट्रंप ने आगे कहा, 'आप कल्पना भी नहीं कर सकते हैं कि अगर मैं शराब पीता तो मैं और भी बुरा इंसान होता। मैं दुनिया का सबसे बुरा इंसान होता, ओके।'

बड़े भाई की बात मानी ट्रंप ने
कोलिंस ने ट्रंप से पूछा था कि क्या उन्हें इस बात से परेशानी है कि कैवनॉघ ने सीनेट में जो गवाही दी है उसमें अपनी शराब की आदत को लेकर झूठ बोला है। ट्रंप ने कहा , 'मैंने उन्हें देखा और मैं हैरान था कि आखिर वह यह बात कैसे कह सकते हैं कि उन्हें बीयर पसंद है।' ट्रंप के मुताबिक यह वह इंसान नहीं था जिसने कहा था कि वह एल्कोहल को लेकर काफी सही है। करी एक वर्ष पहले ट्रंप ने अपने बड़े भाई फ्रेड ट्रंप जूनियर की शराब पीने की आदतों के बारे में बताया था। ट्रंप ने एक एंटी ड्रग कार्यक्रम में कहा था, 'मेरे एक भाई थे, फ्रेड। बहुत ही अच्छे लड़के थे और शायद सबसे खूबसूरत भी थे। उनकी पर्सनाल्टी बेस्ट थी और मुझसे कहीं ज्यादा बेहतर थे। लेकिन उनकी एक समस्या थी। वह शराब बहुत पीते थे और मुझसे कहते थे, 'मत पीओ, मत पीओ।'

43 वर्ष की आयु में हो गई थी भाई की मृत्यु
ट्रंप के मुताबिक क्योंकि उनके भाई उनसे बड़े थे इसलिए उन्होंने, भाई की बात सुन ली। ट्रंप की मानें तो वह अपने बड़े भाई का बहुत सम्मान करते थे। ट्रंप के भाई फ्रेड की 43 वर्ष की आयु में शराब की वजह से सन् 1981 में मौत हो गई थी। ट्रंप ने मीडिया को बताया कि भाई की चेतावनी के बाद से ट्रंप ने शराब और सिगरेट से तौबा कर ली। ट्रंप ने बताया कि उनके भाई उनकी जिंदगी में वह शख्स थे जिन्होंने उन्हें गाइड किया था। इसलिए ही उनके कहने पर उन्होंने शराब और सिगरेट छोड़ दी थी। ट्रंप ने बताया कि फ्रेड की वजह से ही वह कुछ सीख पाएं हैं।












Click it and Unblock the Notifications