अमेरिका में भारतवंशी दंपती और जुड़वां बेटों की घर में मिली लाश, पति-पत्नी को लगी थी गोली
अमेरिका में भारतीय समुदाय के लोगों के साथ एक और बुरे हादसे की खबर आई है। अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल का परिवार संदिग्ध हालत में मृत पाया गया है। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय आनंद सुजीत हेनरी, उनकी 40 वर्षीय पत्नी एलिस प्रियंका और उनके 4 वर्षीय जुड़वां बच्चे नूह और नीथन के तौर पर हुई है। ये सभी मूल रूप से केरल के बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हत्या का मामला है या आत्महत्या का। पुलिस ने बताया कि सोमवार को स्थानीय निवासियों ने 911 पर कॉल करके बताया कि उन्होंने कुछ दिनों से इस घर से कोई आवाज नहीं सुनी है। जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की और घर पर पहुंची।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस को शुरुआती जांच में किसी के घर के अंदर घुसने का कोई संकेत नहीं मिला है। यह दो माह से कम समय में इस प्रकार की दूसरी ऐसी घटना है। पुलिस हत्या एवं आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि बाथरूम में गोली लगने से पति-पत्नी की मौत हुई है। पुलिस को मौके से 9 मिमी पिस्तौल और एक मैगजीन भी मिली है। शुरुआती जांच एयर कंडीशन या हीटर के कार्बन मोनोऑक्साइड गैस लीक होने से मौत की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पुलिस को घर में गैस रिसाव या दोषपूर्ण उपकरणों का कोई सबूत नहीं मिला।
पुलिस ने बताया कि दोनों छोटे बच्चे एक बेडरूम के अंदर मृत पाए गए। हालांकि उन बच्चों पर गोली लगने का कोई जख्म नहीं था। इसलिए, उनकी मौत की वजह पोस्टमार्टम के बाद ही लगाई जा सकती है। हालांकि पुलिस मानकर चल रही है कि बच्चों का या तो गला घोंटा गया या उन्हें जानलेवा ओवरडोज दी गई।
आनंद और एलिस दोनों आईटी सेक्टर में नौकरी कर रहे थे और पिछले 9 सालों से अमेरिका में रह रहे थे। आनंद सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे और एलिस एक सीनियर विश्लेषक थीं। वो दो साल पहले न्यू जर्सी से सैन मेटो काउंटी में रह रहे थे। दंपति ने साल 2020 में 17.42 करोड़ रुपये का बंगला खरीदा था।
अदालती रिकॉर्ड के मुताबिक, आनंद ने दिसंबर 2016 में तलाक के लिए अर्जी दी थी। आपको बता दें कि हाल के महीनों में एक भारतीय छात्र सहित सात भारतवंशी लोगों की मौतें हुई हैं।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications