आखिर किससे डर रहा अमेरिका? एलियंस से जुड़े 24 VIDEO जारी करने से नौसेना का इनकार
नई दिल्ली: कुछ दिनों पहले एक रिपोर्ट आई थी, जिसमें दावा किया गया कि अमेरिकी नौसेना के पास एलियंस के यान यानी यूएफओ के कम से कम 24 वीडियो हैं। जिसमें एलियंस सभ्यता से जुड़े बड़े सबूत भी हैं। इसके बाद से इन वीडियोज को जारी करने की मांग की जा रही थी, लेकिन अब अमेरिकी नौसेना ने ऐसा करने से इनकार कर दिया है। साथ ही दावा किया कि ऐसा करना राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचाना है।

6 महीने में 19 बार दिखे
दरअसल कुछ दिनों पहले रिपोर्ट आई थी कि अमेरिका में पिछले कई सालों में यूएफओ देखे जाने की घटनाएं बढ़ गई हैं। 2019 की दूसरी छमाही में ही कम से कम 19 बार एलियंस के यान को देखे जाने का दावा किया गया। इसमें से ज्यादातर घटनाओं के वीडियो अमेरिकी सरकार के पास हैं। इसके अलावा कई जमीनी जगहों पर भी यूएफओ देखे गए। ऐसे में कुल मिलाकर 24 अहम वीडियो हैं, जिनको जारी करने की मांग हो रही।

नौसेना ने कही ये बात
फिलहाल अमेरिकी नौसेना ने ऐसा करने से इनकार कर दिया है। मामले में नौसेना के सूचना की स्वतंत्रता अधिनियम कार्यालय के उप निदेशक ग्रेगरी कैसन ने कहा इस जानकारी को जारी करने से राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान होगा, क्योंकि ये रक्षा विभाग/नौसेना संचालन, कमजोरियों और क्षमताओं के बारे में जानकारी प्रदान करता है। वीडियो के किसी भी हिस्से को रिलीज के लिए अलग नहीं किया जा सकता है।

दो साल पहले आए थे 3 वीडियो
कैसन ने आगे कहा कि वे नेवी पायलटों और अन्य अज्ञात हवाई घटनाओं के तीन वीडियो को सार्वजनिक करने में सक्षम थे, जिन्हें दो साल पहले सार्वजनिक किया गया था। उन्होंने कहा कि सैन्य प्रमुखों ने 'राष्ट्रीय सुरक्षा को और नुकसान पहुंचाए बिना' ये कदम उठाना संभव समझा था, लेकिन अन्य फुटेज के बारे में ऐसा नहीं कहा जा सकता है। द ब्लैक वॉल्ट वेबसाइट के बॉस इस फैसले के खिलाफ अपील करने की योजना बना रहे हैं।

पूर्व विश्लेषक ने कही ये बात
वहीं दूसरी ओर अमेरिकी विदेश विभाग के ब्यूरो ऑफ इंटरनेशनल सिक्योरिटी एंड नॉनप्रोलिफरेशन के पूर्व विश्लेषक मारिक वॉन रेनेंकैम्फ ने कहा कि वीडियो जारी किए जाने चाहिए। पेंटागन के पास कम से कम दो दर्जन या फिर उससे भी ज्यादा यूएफओ के वीडियो हैं। उनका मानना है कि गैर-संवेदनशील यूएफओ वीडियो को सार्वजनिक करने से इन मामलों की सच्चाई जल्दी दुनिया के सामने आ सकती है।

किससे डर रहा अमेरिका?
वहीं सोशल मीडिया पर लोग नौसेना के इस कदम की आलोचना कर रहे हैं। साथ ही मांग की जा रही कि यूएफओ के वीडियो सार्वजनिक किए जाएं, ताकि एलियंस सभ्यता के बारे में आम जनता को भी पता चले। वहीं कुछ यूजर्स ने सीधे तौर पर ये पूछा कि आखिर अमेरिकी सरकार किससे डर रही? ऐसा कौन सा डर है, जो उसे वीडियो जारी करने से रोक रहा।












Click it and Unblock the Notifications