पीएम मोदी के US दौरे से ठीक पहले अमेरिकी NSA पहुंचे भारत, कहा- जो बाइडेन स्वागत करने को हैं बेकरार
अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और दोनों देशों के द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में अब तक हुई प्रगति के बारे में उन्हें जानकारी दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले हफ्ते अमेरिकी दौरे पर रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी कई अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पीएम मोदी के इस दौरे से ठीक पहले अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलिवन मंगलवार को भारत पहुंचे हैं।
अमेरिकी एनएसए जैक सुलिवन 13 जून को दिल्ली पहुंचे हैं। जैक सुलिवन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी राज्य यात्रा पर कुछ आशाजनक टिप्पणियां कीं। इस दौरान सुलिवन ने पीएम मोदी से भी मुलाकात की।

जैक सुलिवन ने पीएम मोदी को द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन राजकीय यात्रा पर प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि वह राष्ट्रपति बाइडेन के साथ आपसी हित के द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर उपयोगी यात्रा और आकर्षक बातचीत के लिए उत्सुक हैं।
जैक सुलिवन ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भारत में जो हो रहा है उससे रोमांचित हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की यात्रा भारत और अमेरिका के बीच रक्षा और उच्च तकनीक व्यापार में बाधाओं को मौलिक रूप से दूर करेगी।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। उसके मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी ने बढ़ती और गहरी होती भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी पर संतोष व्यक्त किया।

जैक सुलिवन ने भारत में अपने समकक्ष अजीत डोभाल से भी मुलाकात की और दोनों देशों के बीच भविष्य के तकनीकी सहयोग पर उत्साह व्यक्त किया।
पीएम मोदी के दौरे से पहले होने वाली इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। इस दौरे पर अमेरिका-भारत के बीच जीई-414 इंजन सौदे को अंतिम रूप दिया जाएगा।
अमेरिकी एनएसए जेक सुलिवन अपनी इस यात्रा के दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे। दोनों एनएसए के बीच हुई मुलाकात के दौरान भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने भारत के सुदूर इलाकों में डिजिटल विकास को देखकर सुखद आश्चर्य जताया।
गार्सेटी ने कहा, "जब मैं भारत में डिजिटल पेमेंट और वित्तीय तकनीक को देखता हूं तो घनघोर आश्चर्य में पड़ जाता हूं। भारत दुनिया के कई देशों से आगे है। यहां एक गांव में एक 'चाय वाला' यह सुनिश्चित करता है कि उसे सरकार से उसके फोन पर सीधे भुगतान मिले, उन प्रत्येक रुपये का 100%..."
एरिक गार्सेटी ने कहा कि बिना वैल्यू के तकनीक का कोई मतलब नहीं है और वैल्यू में तकनीक का समावेश नहीं है तो वह शक्तिहीन होगा। तकनीक में वैल्यू जुड़ जाती है तो वह बेहद अनमोल होता है।
गार्सेटी ने आगे कहा कि मैंने हाल ही में भारत में अगल-अलग धर्मों के नेताओं के एक समूह के साथ रात्रि भोज किया, उनमें से एक ने कहा "हम 4G, 5G और 6G के बारे में ये सभी बातें सुनते हैं, लेकिन यहां भारत में हमारे पास इससे अधिक शक्तिशाली कुछ है- 'गुरुजी'।












Click it and Unblock the Notifications