अमेरिका सेना में बगावत के संकेत! ट्रंप ने 50 टॉप अफसरों का कराया 'लाइ डिटेक्टर टेस्ट, क्या है मामला?
US Military Polygraph Test: अमेरिकी सेना में गोपनीय सूचनाओं के लीक होने को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सरकार के जांचकर्ताओं ने हाल के इतिहास में पहली बार करीब 50 उच्चस्तरीय सैन्य अधिकारियों और कर्मचारियों का बड़े पैमाने पर पॉलीग्राफ टेस्ट किया। यह जांच पत्रकारों तक संवेदनशील सैन्य जानकारी पहुंचने के बाद की गई।
लीक हुई जानकारियों में ईरान युद्ध के दौरान लंबी दूरी की मिसाइलों और पैट्रियट इंटरसेप्टर जैसे अहम हथियारों की कथित कमी से जुड़ी जानकारी भी शामिल थी। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर संवेदनशील जानकारी मीडिया तक कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन लोग थे।

50 अधिकारियों का हुआ पॉलीग्राफ टेस्ट
अगस्त में करीब 50 अमेरिकी सैन्य अधिकारियों और नागरिक कर्मचारियों से पॉलीग्राफ टेस्ट कराया गया। इनमें जॉइंट स्टाफ से जुड़े मिलिट्री ऑफिसर्स भी शामिल थे। जांच के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने पत्रकारों को संवेदनशील या गोपनीय जानकारी उपलब्ध कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, इस टेस्ट का मकसद सिर्फ लीक की जांच करना नहीं था, बल्कि दूसरे कर्मचारियों को भविष्य में ऐसी जानकारी सार्वजनिक करने से रोकने का संदेश देना भी था।
ये भी पढ़ें: ईरान पर अमेरिका का सबसे खतरनाक वार! टैंकर पर दागी मिसाइल, खार्ग आइलैंड में धमाका
हथियारों की कमी की खबरों से शुरू हुई जांच
पॉलीग्राफ टेस्ट ऐसे समय में हुआ जब अमेरिकी हथियारों के भंडार को लेकर कई रिपोर्ट सामने आई थीं। इनमें दावा किया गया था कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान के दौरान लंबी दूरी की मिसाइलों और पैट्रियट इंटरसेप्टर जैसे हथियारों की उपलब्धता प्रभावित हुई है। इन रिपोर्टों ने अमेरिकी प्रशासन के भीतर चिंता बढ़ाई। खासतौर पर संवेदनशील सैन्य क्षमता और हथियारों के भंडार से जुड़ी जानकारी के मीडिया तक पहुंचने को गंभीर सुरक्षा मामला माना गया।
पेंटागन ने कहा- गोपनीय जानकारी की सुरक्षा जरूरी
पेंटागन के प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने जांच पर सीधे टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि विभाग कर्मचारियों से जुड़े अंदरूनी मामलों या जांच पर टिप्पणी नहीं करता। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय जानकारी के लीक होने के मामलों को बेहद गंभीरता से लिया जाता है। उनके मुताबिक, अमेरिका और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में तैनात अमेरिकी सैनिकों की सुरक्षा के लिए संवेदनशील सूचनाओं को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।
ये भी पढे़ं: US Visa पर फिर चली ट्रंप की कैंची! रातों-रात बदले वीजा इंटरव्यू के नियम, क्या रद्द हो जाएंगे अपॉइंटमेंट्स?
प्रेस की पहुंच पर भी बढ़ी पाबंदी
5 मई के बाद से अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान युद्ध को लेकर कोई प्रेस ब्रीफिंग नहीं की है। इसके साथ ही पेंटागन में पत्रकारों की पहुंच भी सीमित की गई है। पिछले महीने 'स्टार्स एंड स्ट्राइप्स' के एडिटर-इन-चीफ एरिक स्लाविन, पब्लिशर मैक्स लेडरर और मिडिल ईस्ट संवाददाता लारा कोर्टे को आधिकारिक तौर पर नौकरी से हटा दिया गया। यह कार्रवाई USS अब्राहम लिंकन की स्थिति पर अखबार की आलोचनात्मक रिपोर्टिंग के विवाद के बाद हुई।
ट्रंप ने हथियारों की कमी के दावे को नकारा
हथियारों की कमी से जुड़ी खबरों पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी नाराज नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में ऐसे दावों को पूरी तरह गलत बताया और आलोचकों को तीखे शब्दों में निशाना बनाया। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका के पास मध्यम से उच्च श्रेणी के गोला-बारूद का लगभग असीमित भंडार है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका अभूतपूर्व स्तर पर हथियारों का उत्पादन कर रहा है और भविष्य की संभावित परिस्थितियों के लिए अपने भंडार को मजबूत कर रहा है।


Click it and Unblock the Notifications
