US Midterm Election: कौन हैं वो 3 NASA Astronaut, जिन्होंने धरती से 400KM ऊंचाई से डाला Vote? एक भारतीय मूल का

US Midterm Elections 2026: अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के बीच NASA के 3 अंतरिक्ष यात्रियों ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) से इलेक्ट्रॉनिक तरीके से मतदान किया। खास बात यह है कि ये तीनों पृथ्वी से 400 किलोमीटर से अधिक ऊंचाई पर अंतरिक्ष में मौजूद हैं। इसके बावजूद उन्होंने अपना वोट सुरक्षित तरीके से अमेरिकी चुनाव अधिकारियों तक पहुंचाया। मतदान करने वाले अंतरिक्ष यात्रियों में भारतीय मूल के अनिल मेनन के अलावा ल्यूक डेलानी और जेसिका वॉटकिंस शामिल हैं।

अनिल मेनन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अंतरिक्ष से मतदान करने की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद तीनों क्रू सदस्यों को वोट डालने का मौका मिला। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक बैलेट भरकर संबंधित चुनाव अधिकारियों को भेजा। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि अमेरिका में अंतरिक्ष यात्रियों के लिए भी मतदान की व्यवस्था मौजूद है।

us-midterm-elections-2026

कौन हैं अंतरिक्ष से वोट डालने वाले तीनों NASA Astronaut?

Who Is Anil Menon: कौन हैं अनिल मेनन? भारतीय मूल के अंतरिक्ष यात्री

अनिल मेनन अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA के अंतरिक्ष यात्री हैं और भारतीय मूल के हैं। अंतरिक्ष स्टेशन से मतदान करने को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष से भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लेना संभव है। मेनन ने अपने वीडियो में बताया कि उन्होंने ISS पर अपने निजी कमरे से इलेक्ट्रॉनिक बैलेट भरा। इस दौरान उनका कमरा मतदान केंद्र की तरह इस्तेमाल हुआ। उन्होंने अपना मत टेक्सास की हैरिस काउंटी के चुनाव अधिकारियों को भेजा।

us-midterm-elections-2026

अनिल मेनन का जन्म और पालन-पोषण अमेरिका के मिनियापोलिस, मिनेसोटा में हुआ। NASA के अनुसार, उनके माता-पिता यूक्रेन और भारत से आए अप्रवासी थे। अंतरिक्ष यात्री बनने से पहले वह आपातकालीन चिकित्सा और एयरोस्पेस मेडिसिन के विशेषज्ञ डॉक्टर के रूप में काम कर चुके हैं।

Who Is NASA Astronaut Luke Delaney: कौन हैं ल्यूक डेलानी?

us-midterm-elections-2026

ल्यूक डेलानी भी उन तीन अंतरिक्ष यात्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने अंतरिक्ष से मतदान किया। जानकारी के अनुसार, वह 1 अक्टूबर को स्पेसएक्स के मिशन के जरिए इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पहुंचे थे। आपको मालूम हो कि ल्यूक डेलानी अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य से हैं। अंतरिक्ष यात्री बनने से पहले उन्होंने अमेरिकी मरीन कॉर्प्स में सैन्य विमानन के क्षेत्र में काम किया। वह अनुभवी नौसैनिक पायलट और टेस्ट पायलट रहे हैं। NASA ने उन्हें 2021 में अंतरिक्ष यात्री उम्मीदवार के रूप में चुना था।

Who Is NASA Astronaut Jessica Watkins : कौन हैं जेसिका वॉटकिंस?

us-midterm-elections-2026

जेसिका वॉटकिंस NASA की अंतरिक्ष यात्री हैं और उन्होंने भी ISS से इलेक्ट्रॉनिक तरीके से वोट डाला। वह ल्यूक डेलानी के साथ 1 अक्टूबर को स्पेसएक्स मिशन के जरिए अंतरिक्ष स्टेशन पहुंची थीं। आपको बता दें कि, जेसिका वॉटकिंस अमेरिकी अंतरिक्ष यात्री और भूविज्ञान की विशेषज्ञ हैं। उनका शोध मंगल ग्रह और पृथ्वी पर भूस्खलन जैसी भूगर्भीय प्रक्रियाओं पर केंद्रित रहा है। उन्होंने NASA के मंगल मिशन और क्यूरियोसिटी रोवर से जुड़े वैज्ञानिक कार्यों में भी योगदान दिया है।

अंतरिक्ष में रहते हुए कैसे डाला वोट?

पृथ्वी से सैकड़ों किलोमीटर दूर होने के कारण अंतरिक्ष यात्री सामान्य मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच सकते। ऐसे में उनके लिए इलेक्ट्रॉनिक मतदान की व्यवस्था की जाती है। अनिल मेनन के मुताबिक, उन्होंने अपने कमरे से इलेक्ट्रॉनिक फॉर्म भरा और उसे चुनाव अधिकारियों के पास भेज दिया। इस प्रक्रिया में NASA के संचार नेटवर्क की मदद ली जाती है।

us-midterm-elections-2026

इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अंतरिक्ष में मौजूद होने के कारण किसी अमेरिकी नागरिक को मतदान के अधिकार से वंचित न रहना पड़े।

वोट की गोपनीयता कैसे रखी जाती है?

अंतरिक्ष से मतदान में डेटा की सुरक्षा और गोपनीयता अहम होती है। NASA के नेटवर्क के जरिए भेजे जाने वाले इलेक्ट्रॉनिक बैलेट को सुरक्षित तरीके से प्रसारित किया जाता है, ताकि अनधिकृत लोग उसकी सामग्री तक न पहुंच सकें। ISS और पृथ्वी के बीच संचार के लिए NASA का नियर स्पेस नेटवर्क इस्तेमाल किया जाता है। इस नेटवर्क के संचालन में मैरीलैंड के ग्रीनबेल्ट स्थित गोडार्ड स्पेस फ्लाइट सेंटर की भूमिका है।

मतपत्र को सुरक्षित डिजिटल प्रारूप में भेजने की व्यवस्था का उद्देश्य उसकी गोपनीयता बनाए रखना है। इसके बाद संबंधित चुनाव अधिकारी निर्धारित नियमों के अनुसार मतदान प्रक्रिया पूरी करते हैं।

अमेरिका में क्यों अहम हैं Midterm Elections 2026?

अमेरिका में मध्यावधि चुनाव राष्ट्रपति चुनाव के बीच होने वाले महत्वपूर्ण चुनाव होते हैं। इनके जरिए संघीय संसद के दोनों सदनों के सदस्यों के साथ कई राज्यों के गवर्नर और स्थानीय प्रतिनिधि चुने जाते हैं। 2026 के मध्यावधि चुनाव में प्रमुख मुकाबले इन पदों के लिए हैं...

  • हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स: प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटें।
  • सीनेट: 37 सीटों पर चुनाव।
  • गवर्नर: 36 राज्यों में गवर्नर पद के लिए चुनाव।
  • स्थानीय पद: विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों में स्थानीय प्रतिनिधियों का चुनाव।

इन चुनावों के नतीजों का असर अमेरिकी संसद में सत्ता के संतुलन और राष्ट्रपति के एजेंडे को आगे बढ़ाने की क्षमता पर पड़ सकता है।

अंतरिक्ष से मतदान की व्यवस्था नई नहीं है

NASA के अनुसार, अंतरिक्ष से मतदान की प्रक्रिया 1997 से उपलब्ध है। उस साल टेक्सास में इससे संबंधित कानून बनने के बाद अंतरिक्ष यात्री डेविड वुल्फ ने रूसी मीर अंतरिक्ष स्टेशन से मतदान किया था। इसके लिए संबंधित चुनाव अधिकारियों और NASA के बीच समन्वय किया जाता है।

इसकी जरूरत इसलिए पड़ती है, क्योंकि अंतरिक्ष यात्रियों के मिशन कई महीनों तक चलते हैं और इस दौरान वे पृथ्वी पर लौटकर मतदान नहीं कर सकते। इलेक्ट्रॉनिक बैलेट की मदद से वे अंतरिक्ष में रहते हुए भी चुनावी प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+