US Midterm Election: दोनों सदनों में रिपब्लिकन पीछे, क्या ट्रंप से नाराज हैं वोटर्स? बहुमत बचाने की चुनौती

US Midterm Election 2026: अमेरिका में 2026 के मिडटर्म चुनाव के नतीजे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सियासी ताकत की परीक्षा लेने वाले हैं। मिडटर्म चुनाव के नतीजे आने लगे हैं। शुरुआती रुझानों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी पिछड़ती दिख रही है। डेमोक्रेटिक पार्टी को प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में बढ़त मिली है। हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स प्रतिनिधि सभा में कुल 435 सीटें हैं और सभी पर चुनाव हो रहे हैं। शुरुआती रुझानों में डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार 114 सीटों पर आगे चल रहे हैं, जबकि ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी 57 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

सीनेट की कुल 100 सीटों में से इस बार 35 पर चुनाव हो रहे हैं। अब तक 16 सीटों के नतीजे आ चुके हैं। इनमें डेमोक्रेटिक पार्टी ने 11 और रिपब्लिकन पार्टी ने 5 सीटें जीती हैं। इन नतीजों के बाद सीनेट में डेमोक्रेट्स के पास 45 और रिपब्लिकन के पास 37 सीटें हो गई हैं। सीनेट में बहुमत के लिए 51 सीटें चाहिए। ऐसे में डेमोक्रेटिक पार्टी बहुमत से अभी 6 सीट दूर है। 19 सीटों पर नतीजे आना बाकी हैं।

US Midterm Election 2026

अमेरिका के 36 राज्यों में गवर्नर पद के लिए भी चुनाव हो रहे हैं। अब तक 11 राज्यों के नतीजे आ चुके हैं। इनमें डेमोक्रेटिक पार्टी ने 9 और रिपब्लिकन पार्टी ने 2 सीटें जीती हैं। बाकी राज्यों में वोटों की गिनती जारी है।

अब सबकी नजर इस बात पर है कि रिपब्लिकन पार्टी अमेरिकी संसद के दोनों सदनों में अपना बहुमत बचा पाती है या डेमोक्रेट्स सत्ता के समीकरण बदल देते हैं। इन चुनावों में सिर्फ सांसदों का भविष्य तय नहीं होगा, बल्कि ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के बाकी दो साल का राजनीतिक रास्ता भी काफी हद तक तय हो सकता है।

मिडटर्म चुनाव में क्या दांव पर है?

अमेरिका में मिडटर्म चुनाव राष्ट्रपति के चार साल के कार्यकाल के बीच में होते हैं। इस बार प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की 100 में से 35 सीटों पर चुनाव हो रहा है। इसके साथ ही 36 राज्यों में गवर्नर पद के लिए भी वोटिंग हुई है।

इन नतीजों से तय होगा कि अमेरिकी संसद यानी कांग्रेस पर रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण बना रहेगा या डेमोक्रेट्स एक या दोनों सदनों में बहुमत हासिल कर लेंगे। प्रतिनिधि सभा में बहुमत के लिए 218 सीटें चाहिए। 2024 के चुनाव के बाद रिपब्लिकन के पास 220 और डेमोक्रेट्स के पास 215 सीटें थीं।

सीनेट में बहुमत का आंकड़ा 51 है। डेमोक्रेट्स को दोनों सदनों का नियंत्रण हासिल करने के लिए प्रतिनिधि सभा में कम से कम तीन और सीनेट में चार अतिरिक्त सीटें जीतनी होंगी। मौजूदा मुकाबले में रिपब्लिकन सीनेट में 53-47 के अंतर से आगे बताए गए हैं। ऐसे में कुछ करीबी मुकाबले पूरे सदन का गणित बदल सकते हैं।

ट्रंप की लोकप्रियता का टेस्ट क्यों?

मिडटर्म चुनाव को ट्रंप के दूसरे कार्यकाल पर जनता की राय के तौर पर देखा जा रहा है। मतदाता अर्थव्यवस्था, बढ़ती महंगाई, इमिग्रेशन और ईरान के साथ जारी जंग को लेकर अपनी पसंद जाहिर कर रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई और ट्रंप की टैरिफ नीति भी चुनावी चर्चा के बड़े मुद्दे हैं।

एनबीसी न्यूज के एग्जिट पोल के शुरुआती आंकड़ों में करीब आधे मतदाताओं ने चुनाव को ट्रंप के कामकाज पर नाराजगी जताने के मौके के तौर पर देखा। करीब 43 फीसदी मतदाताओं ने कहा कि ट्रंप का विरोध करना भी उनके वोट देने की एक वजह थी। यह आंकड़ा 2018 के मिडटर्म चुनाव में ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान दर्ज स्तर से काफी ज्यादा बताया गया है।

हालांकि इसे पूरे देश का अंतिम फैसला नहीं माना जा सकता। एग्जिट पोल मतदाताओं की शुरुआती राय दिखाते हैं, जबकि असली तस्वीर वोटों की गिनती और सीटों के नतीजों से साफ होगी।

अर्ली वोटिंग में टूटा पुराना रिकॉर्ड?

इस बार मतदान के दिन से पहले ही बड़ी संख्या में अमेरिकी नागरिक वोट डाल चुके थे। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 5 करोड़ 76 लाख से ज्यादा लोगों ने अर्ली वोटिंग के जरिए मतदान किया। यूनिवर्सिटी ऑफ फ्लोरिडा के आंकड़ों में यह संख्या 2022 के मिडटर्म चुनाव के करीब 4 करोड़ 59 लाख शुरुआती वोटों से ज्यादा है।

अर्ली वोटिंग में डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थकों की हिस्सेदारी ज्यादा रही। वहीं, रिपब्लिकन समर्थक आमतौर पर मतदान के दिन वोट डालना पसंद करते हैं। इसलिए शुरुआती मतदान के आंकड़ों से किसी पार्टी की जीत तय करना जल्दबाजी होगी।

साउथ कैरोलाइना में भी मतदान को लेकर खास उत्साह दिखा। वहां 19 लाख से ज्यादा लोगों ने वोट डाला। राज्य के चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, पिछले 30 साल में पहली बार किसी गवर्नर चुनाव में इतनी बड़ी संख्या में मतदान हुआ है।

किन राज्यों पर रहेगी सबकी नजर?

सीनेट की लड़ाई में अलास्का, आयोवा, कंसास, मेन, मिशिगन, ओहायो और टेक्सास जैसे राज्यों पर खास नजर है। इसके अलावा जॉर्जिया और नॉर्थ कैरोलाइना के मुकाबले भी अहम हैं। डेमोक्रेट्स उन राज्यों में बढ़त बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जहां पहले रिपब्लिकन मजबूत स्थिति में रहे हैं।

अमेरिकी सांख्यिकीविद् नैट सिल्वर और फ्लिपर 2026 के चुनावी अनुमान में टेक्सास, ओहायो, मिशिगन, मेन और आयोवा जैसे राज्यों में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को पोलिंग औसत में बढ़त दिखाई गई थी। हालांकि, चुनावी अनुमान अंतिम नतीजों की गारंटी नहीं होते।

फ्लोरिडा के ओसियोला काउंटी से भी शुरुआती मतदान के आंकड़े सामने आए। 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप ने यह काउंटी एक फीसदी से कुछ ज्यादा वोटों के अंतर से जीती थी। उस वक्त इसे रिपब्लिकन पार्टी के लिए अहम उपलब्धि माना गया था।

जॉर्जिया में जॉन ओसॉफ की सीट बरकरार

शुरुआती चुनावी अपडेट में डेमोक्रेटिक सीनेटर जॉन ओसॉफ के जॉर्जिया की सीट बरकरार रखने की खबर सामने आई है। इसके साथ कुछ रिपब्लिकन बहुल सीटों पर डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की शुरुआती बढ़त भी चर्चा में रही। हालांकि, इन संकेतों के आधार पर पूरे देश में किसी पार्टी की जीत का दावा करना सही नहीं होगा।

इस चुनाव से पहले ट्रंप को कानूनी मोर्चे पर भी झटका लगा। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को न्याय विभाग की आपात अपील खारिज कर दी। अपील में कैलिफोर्निया को करीब 20 हजार ऐसे लोगों के मेल-इन बैलेट गिनने से अस्थायी तौर पर रोकने की मांग की गई थी, जिनकी नागरिकता को लेकर संघीय अधिकारियों ने संदेह जताया था।

ट्रंप ने क्या कहा, आगे क्या होगा?

चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में ट्रंप ने रिफ्लेक्टिंग पूल के पास भाषण दिया और अपने प्रशासन के कामकाज का बचाव किया। उन्होंने कहा कि आमतौर पर मिडटर्म चुनाव में मौजूदा राष्ट्रपति की पार्टी को नुकसान होता है, लेकिन इस बार उनकी टीम ने पूरी ताकत लगाई है। ट्रंप ने यह भी चेतावनी दी थी कि अगर डेमोक्रेट्स कांग्रेस में फिर से ताकत हासिल करते हैं, तो वह उनके पास आने वाले हर विधेयक पर वीटो कर सकते हैं।

अमेरिका के पूर्वी समय के मुताबिक, इंडियाना और केंटकी के कुछ इलाकों में शाम 6 बजे मतदान बंद होने के बाद शुरुआती गिनती शुरू हुई। अलास्का में मतदान बुधवार, 4 नवंबर को रात 1 बजे ईस्टर्न टाइम पर खत्म होने का कार्यक्रम था। भारतीय समयानुसार शुरुआती नतीजे बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे से आने की उम्मीद थी। हालांकि, कड़े मुकाबलों, डाक से आए मतपत्रों और गिनती की प्रक्रिया के चलते अंतिम नतीजों में देर हो सकती है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+