अमेरिका: कैलिफार्निया में अभिषेक को मारने वाले हत्यारे ने किया सरेंडर
कैलिफोर्निया। एक अमेरिकी नागरिक को भारतीय छात्र अभिषेक सुदेश की हत्या के सिलसिले में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सैन बर्नारडिनो से गिरफ्तार किया गया है।रविवार को पुलिस की तरफ से इस बात की जानकारी दी गई है। इस व्यक्ति का नाम एरिक टर्नर बताया जा रहा है और इसकी उम्र 42 साल है। सैन बर्नारडिनो पुलिस विभाग की मानें तो एरिक खुद अपने आप ही पुलिस स्टेशन आया और उसने सरेंडर कर दिया। 25 साल के सुदेश की उसी मोटल के बाहर हत्या कर दी गई थी जहां पर पार्टटाइम वर्कर के तौर पर काम करते थे।
कर्नाटक के मैसूरु के रहने वाले थे अभिषेक
अभिषेक, कर्नाटक के मैसूरु के रहने वाले थे। वह सैन बर्नारडिनो स्थित कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी में कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स की पढ़ाई करने गए थे। गुरुवार की दोपर एरिक ने उन पर गोली चलाई थी। घटनास्थल पर ही उनकी मौत की पुष्टि पुलिस की ओर से कर दी गई थी। सैन बर्नारडिनो पुलिस विभाग की ओर से बताया गया है कि वह फिलहाल इस बात की जांच कर रहे हैं कि आखिर एरिक ने सुदेश को क्यों गोली मारी। पुलिस सार्जेंट अल्बर्ट टेलो ने अपने बयान में कहा कि संदिग्ध ने शनिवार की सुबह अपनी पहचान पुलिस विभाग के सामने कराई और सरेंडर कर दिया। फिलहा हत्या के पीछे का मकसद अभी तक साफ नहीं है। एरिक टर्नर को बिना जमानत के गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार को उसकी पेशी एक स्थानीय कोर्ट में होगी।