जापान के बाद अमेरिका भी चीनी यात्रियों की कर सकता है सख्त जांच, भारत में अभी नोटिफिकेशन का इंतजार
अमेरिका का ये कदम जापान, भारत और मलेशिया द्वारा उठाए गए कदमों के बाद आया है। इन देशों ने फैसला किया है कि वे चीन से आने वाले आगंतुकों के लिए कोरोना वायरस संक्रमण आवश्यक जांच करेंगे।

Image: ANI
कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए अमेरिका ने चीन से आने वाले यात्रियों पर पाबंदियां बढ़ा दी हैं। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि वे चीन से यात्रियों के लिए कोविड एंट्री बैन करने पर विचार कर रहे हैं। अधिकारियों कहना है कि जिस प्रकार जिनपिंग सरकार ने कोरोना नियमों में ढील दी है, उसके बाद संक्रमण बेकाबू हो गया है। बीजिंग से हमें सही जानकारी भी नहीं मिल रही है, जिसके चलते वहां से आने वाले सभी यात्रियों की निगरानी की जा रही है।

कई देशों ने चीनी यात्रियों पर लगाई प्रतिबंध
अमेरिका का ये कदम जापान, भारत और मलेशिया द्वारा उठाए गए कदमों के बाद आया है। इन देशों ने फैसला किया है कि वे चीन से आने वाले आगंतुकों के लिए कोरोना वायरस संक्रमण आवश्यक जांच करेंगे। अमेरिका ने इस फैसले के पीछे महामारी को लेकर WHO की चेतावनी का हवाला भी दिया है। अमेरिकी अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी को बताया कि भारत, जापान और मलेशिया पहले ही चीन से आने वाले यात्रियों पर कई प्रतिबंध लगा चुके हैं।

WHO ने भी जताई थी चिंता
इससे पहले सोमवार को WHO ने कहा था कि वह चीन द्वारा ‘जीरो कोविड नीति' में अचानक पूरी तरह ढील दिए जाने के बाद देशभर में तेजी से बढ़ रहे संक्रमण के मामलों को लेकर बहुत चिंतित है। वहीं इस बीच चीन ने मंगलवार को चौंकाने वाला फैसला लेते हुए 8 जनवरी, 2023 से दूसरे देशों से आने वाले लोगों को क्वारंटाइन होने की जरूरत खत्म कर दी थी।

भारत ने भी की अनिवार्य जांच की घोषणा
भारत की तरफ से कोरोना को लेकर सख्ती बरतने की बात कही जा रही है, लेकिन आधिकारिक तौर पर अभी तक सख्त कदम नहीं उठाए गये हैं। इससे पहले भारत में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने शनिवार को घोषणा की कि चीन सहित पांच देशों से आने वाले यात्रियों के लिए आरटी-पीसीआर जांच अनिवार्य कर दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा था कि चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, हांगकांग और थाईलैंड से भारत आने वाले यात्रियों के लिए RT-PCR की रिपोर्ट जरूरी होगी।

एयरपोर्ट अथॉरिटी को अभी नोटिफिकेशन का इंतजार
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा था कि अगर इन देशों के किसी भी यात्री में कोविड-19 के लक्षण पाए जाते हैं या पॉजिटिव रिपोर्ट आती है तो उन्हें आइसोलेशन में रखा जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा था कि देश में कोविड संक्रमण न फैले, इसके लिए सतर्कता बरतना हमने शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस संबंध में एविएशन मिनिस्ट्री से बात करेंगे। हालांकि एयरपोर्ट अथॉरिटी ने शनिवार को कहा था कि अब तक उन्हें इस संबंध में किसी भी प्रकार के नोटिफिकेशन का इंतजार है।

कोरोना के बढ़ रहे मामले
कोरोना का डेटा रखने वाली वेबसाइट वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, दुनिया में अब तक 66,24,16, 471 मामले सामने आ चुके हैं। 11 जनवरी 2020 को चीन के वुहान में 61 साल के बुजुर्ग की मौत हुई थी। ये दुनिया में कोविड से हुई पहली मौत थी। अब तक लगभग 67 लाख मौत हो चुकी हैं। भारत में कोरोना संक्रमण में 4.47 करोड़ मामले आ चुके हैं जबकि 5.31 लाख लोगों की इससे मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications