अमेरिका ने मानव तस्करी के मामले में चीन को कहा सबसे खराब देश
नई दिल्ली। मंगलवार को यूएस स्टेट डिपार्टमेंट ने चीन को मानव तस्करी के मामले में सबसे खराब देशों की लिस्ट में रखा है। अमेरिका का कहना है कि चीन मानव तस्करी को रोकने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रहा है। अमेरिका ने यह दावा भी किया है कि चीन में मानव तस्करी करने वाले बहुत कम लोगों तक ही कानून की हाथ पहुंच रहे हैं।

मंगलवार को यूएस स्टेट डिपार्टमेंट की तरफ से सालाना रिपोर्ट भी जारी की गई है, जिसमें बहुत सी बातें की गई हैं। अपनी इस रिपोर्ट में अमेरिका ने कहा है कि चीन के अशांत शिनजियांग प्रांत में रहने वाले वीगर समुदाय के लोगों से जबरदस्ती काम कराया जा रहा है। हालांकि, अभी तक इस रिपोर्ट पर चीन की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
रिपोर्ट के आधार पर हो सकता है कि चीन को कुछ प्रतिबंधों का सामना करना पड़े। इस मामले में अमेरिका के विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने कहा है चीन की रेटिंग इसलिए कम की गई है, क्योंकि वो मानव तस्करी से निपटने के लिए गंभीर कदम नहीं उठा रहा है। जहां एक ओर अमेरिका का आरोप है कि चीन के शिनजियांग प्रांत के वीगर मुसलमानों से जबरदस्ती काम कराया जाता है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय सरकार ने एक नोटिस जारी करके यह दावा किया है कि इसे पूरी तरह से बंद किया जा चुका है।












Click it and Unblock the Notifications