अमेरिका ने भारतीय छात्रों के लिए रिकॉर्ड संख्या में जारी किए वीजा... वेटिंग पीरियड कम करने उठाए कई कदम
US Indian Student Visa: भारतीय लोगों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने के बाइडेन प्रशासन के प्रयास के तहत, अमेरिका ने पिछले साल भारतीय छात्रों को 1,40,000 से ज्यादा वीजा जारी किए हैं और वीजा एप्वाइंटमेंट वेटिंग टाइम को कम करने के लिए कई कदम उठा रहा है।
समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में, वीजा सेवाओं के लिए अमेरिका की उप सहायक सचिव जूली स्टफट ने कहा, कि भारत में अमेरिकी मिशन यह सुनिश्चित करने के लिए हफ्ते में छह से सात दिन काम करते हैं, ताकि छात्रों का उनकी कक्षाएं शुरू होने से पहले वीजा इंटरव्यू लिया जा सके।

उन्होंने कहा, कि इस साल अमेरिका ने भारत से आने वाली मांग पर ध्यान केंद्रित करने के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा, कि "हमने इस वर्ष भारत में जो किया है, उस पर हमें वास्तव में गर्व है और मुझे लगता है, कि इतिहास में पहली बार, हमने भारत में दस लाख वीज़ा जारी करने का ना सिर्फ लक्ष्य रखा, बल्कि हमने इसे पूरा भी किया, वो भी तय समय से कई महीने पहले। लिहाजा इस संख्या में और भी इजाफा होगा"
ज्यादा से ज्यादा भारतीयों को वीजा
अमेरिकी अधिकारी ने पीटीआई को दिए गये इंटरव्यू में आगे कहा, कि "संयुक्त राज्य अमेरिका में आने के लिए भारत में आवेदन करने वाले श्रमिकों, चालक दल के सदस्यों और छात्रों के लिए इस साल रिकॉर्ड-सेटिंग संख्याएं हैं।"
स्टफट ने आगे कहा, कि "हमने विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया है, कि हम उन छात्रों को देखें, जो भारत से बाहर आकर आवेदन कर रहे थे। भारत, अब संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ-साथ कई अन्य वीज़ा श्रेणियों में विदेशी छात्रों के लिए सबसे बड़ा स्रोत देश है। यह हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। हमारे पास ऐसे कई मामले हैं, जहां इंटरव्यू को माफ कर दिया गया है, इसलिए उन भारतीय यात्रियों के लिए कोई इंटरव्यू नहीं है, जो पहले अमेरिका की यात्रा कर चुके हैं और अब अमेरिका फिर से जा रहे हैं।"
उन्होंने कहा, पिछले साल अमेरिका ने भारतीय छात्रों को रिकॉर्ड 1,40,000 से अधिक वीजा जारी किए हैं।
अमेरिका की उप सहायक सचिव जूली स्टफट ने कहा, कि "भारत में आवेदन करने वाले छात्रों के लिए, मैं कहूंगी, कि सबसे बड़ी बात यह है, कि वहां (नई दिल्ली) के मिशनों ने छात्रों के इंटरव्यू के लिए सप्ताह में छह, सात दिन काम किया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनकी कक्षाएं शुरू होने से पहले सभी का इंटरव्यू लिया जा सके। अमेरिका आने वाले भारतीय छात्रों के लिए हम जितना प्रयास और महत्व देते हैं, वह वीजा प्रक्रिया से ही पता चलता है। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हर किसी को वह मौका मिले।"
स्टफट ने कहा, कि अमेरिका भारत में वीजा एप्वाइंटमेंट वेटिंग टाइम को कम करने के लिए कई कदम उठाने पर काम कर रहा है, जो अभी भी थोड़ा ज्यादा है।
अमेरिकी अधिकारी ने आगे कहा, कि "भारत एक अद्वितीय देश है, क्योंकि यह कई श्रेणियों में सबसे ज्यादा संख्या में वीज़ा का प्रतिनिधित्व करता है। न केवल गेस्ट, न केवल छात्र, न केवल समुद्री चालक दल के सदस्य, बल्कि अत्यधिक कुशल प्रोफेशनल वर्कर्स। मेरा मतलब है, यह हमारे लिए एक जबरदस्त मांग है। इसलिए हमारी प्राथमिकता वेटिंग टाइम को कम करना है।"
फॉरेन प्रेस सेंटर द्वारा आयोजित विदेशी पत्रकारों के एक समूह के साथ मीडिया राउंड टेबल के दौरान, स्टफट ने कहा, कि अमेरिका ने 2023 में अब तक 10.5 मिलियन से ज्यादा वीजा जारी किए हैं, जो कि उनके अनुमान से 2 मिलियन ज्यादा है और लगभग उच्चतम स्तर पर है।
स्टफट ने कहा, 2024 के लिए, अमेरिका अभी भी प्रतीक्षा समय को कम करने पर बहुत मेहनत कर रहा है।
उन्होंने कहा, "कुछ विदेशी स्थानों में, हमारे पास अभी भी बहुत ज्यादा वेटिंग टाइम है, कुछ को वीज़ा की एक श्रेणी के लिए अभी भी एक साल से ज्यादा का समय लगता है, जो कि पहली बार आने वाला आगंतुक है, जिसे अपने वीज़ा के लिए साक्षात्कार की आवश्यकता होती है।"












Click it and Unblock the Notifications