US Iran Tension 2026: ईरान-अमेरिका तनाव के बीच तेहरान में फिर उठा काला धुआं, मीडिल ईस्ट में क्या जंग की आहट?
US Iran Tension 2026: ईरान और अमेरिका के बीच लगातार बढ़ते तनाव के माहौल में ईरान की राजधानी तेहरान के पास एक नई घटना ने चिंता बढ़ा दी है। बुधवार , 18 फरवरी की देर रात को तेहरान प्रांत के पारंद (Parand) इलाके में अचानक भीषण आग लग गई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में काले धुएं का गुबार आसमान में फैलता नजर आया।
सरकारी मीडिया के मुताबिक, आग के कारण इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया, जबकि सोशल मीडिया पर धुएं के कई वीडियो तेजी से वायरल हो गए।

यह इलाका इसलिए भी संवेदनशील माना जा रहा है क्योंकि पारंद और इसके आसपास कई सैन्य और रणनीतिक ठिकाने मौजूद हैं। शुरुआती खबरों में विस्फोट जैसी आवाजें सुनाई देने की भी बात सामने आई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है।
Parand Explosions पारंद में रहस्यमयी आग से मचा हड़कंप
ईरान के सरकारी चैनल IRIB (इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग) की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार, 18 फरवरी को पारंद शहर में एक इमारत के ऊपर से घना काला धुआं उठता देखा गया। शुरुआती रिपोर्ट्स में धमाके की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में सरकारी मीडिया ने स्पष्ट किया कि यह धुआं पारंद नदी के किनारे उगी सरकंडों (रीड्स) में लगी आग की वजह से उठा।
पारंद अग्निशमन विभाग के हवाले से बताया गया कि दमकलकर्मी मौके पर पहुंच चुके हैं और आग बुझाने का काम जारी है। फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इन घटनाओं को लेकर ईरानी अधिकारियों ने कई बार सीमित जानकारी दी है, जिससे अटकलें और संदेह और गहरे हो गए हैं। इससे पहले शिराज प्रांत में भी शहर के बाहरी पहाड़ी इलाके में विस्फोट जैसी आवाज सुनाई देने की सूचना मिली थी। हालांकि, उस धमाके के कारणों का भी अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
Donald Trump Iran Attack: अमेरिका मीडिल ईस्ट के बीच युद्ध की आहट?
इन घटनाओं ने ऐसे वक्त पर चिंता बढ़ा दी है जब ईरान और अमेरिका के बीच टकराव अपने चरम पर बताया जा रहा है। अमेरिका, ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर चल रही बातचीत में प्रगति न होने की स्थिति में संभावित सैन्य कार्रवाई के लिए मध्य पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी लगातार मजबूत कर रहा है।
अमेरिकी मीडिया और न्यूज वेबसाइट एक्सियोस (Axios) की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच कुछ ही दिनों या हफ्तों में सैन्य टकराव शुरू हो सकता है, जो कई हफ्तों तक चलने वाले बड़े अभियान में बदल सकता है। एक्सियोस के अनुसार, व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने दावा किया है कि आने वाले हफ्तों में अमेरिकी सैन्य कार्रवाई की संभावना 90 प्रतिशत तक है। एक ट्रंप सलाहकार के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया,
मिडिल ईस्ट में 'आयरन फिस्ट' की तैनाती
अमेरिका ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम और यूरेनियम संवर्धन (Uranium Enrichment) पर बातचीत विफल होने के बाद अपनी सैन्य उपस्थिति को अभूतपूर्व रूप से बढ़ा दिया है। दर्जनों लड़ाकू विमान F-22, F-35 और F-16 फाइटर जेट्स को मिडिल ईस्ट में तैनात किया गया है। हवा में ईंधन भरने वाले टैंकर विमानों को तैयार रखा गया है ताकि हफ्तों तक चलने वाले लंबे सैन्य अभियान को अंजाम दिया जा सके।
समुद्री घेराबंदी भी शुरू हो चुकी है। अमेरिकी जंगी जहाज और एयर डिफेंस सिस्टम ईरान की सीमाओं के करीब पहुंच चुके हैं। CNN और CBS की रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी सेना इस सप्ताह के अंत तक ईरान पर हमले के लिए तैयार हो सकती है, हालांकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब तक अंतिम आदेश नहीं दिया है।
Ayatollah Khamenei Warning: खामेनेई की ट्रंप को सीधी चेतावनी
दूसरी ओर, ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई ने अमेरिका को कड़ा संदेश दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा अमेरिकी लगातार कहते रहते हैं कि उन्होंने ईरान की ओर एक युद्धपोत भेजा है। बेशक युद्धपोत एक खतरनाक सैन्य उपकरण है, लेकिन उससे भी ज्यादा खतरनाक वह हथियार है जो उसे समुद्र की तलहटी में भेज सकता है। उन्होंने आगे कहा कि दुनिया की सबसे ताकतवर सेना को भी कभी-कभी ऐसी जोरदार चोट लग सकती है कि वह फिर उठ न सके।
कूटनीतिक हालात बेहद संवेदनशील
तेहरान के पास पारंद में लगी आग भले ही आधिकारिक तौर पर सरकंडों में लगी आग बताई जा रही हो, लेकिन मौजूदा हालात और क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव, रहस्यमयी धमाके और सैन्य हलचल इस ओर इशारा कर रहे हैं कि मध्य पूर्व एक बड़े संघर्ष के बेहद करीब खड़ा है। अब पूरी दुनिया की नजर इस पर टिकी है कि क्या कूटनीति आखिरी वक्त पर हालात संभाल पाएगी या फिर ईरान-अमेरिका के बीच युद्ध की चिंगारी किसी बड़े विस्फोट में बदल जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications