अमेरिका और भारत हिंद महासागर पर रख रहे चीन पर नजर!
इंडियन नेवी और अमेरिकी नेवी हिंद महासागर पर चीनी पनडुब्बियों से जुड़ी जानकारी को आपस में कर रही हैं साझा। अमेरिका के पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल हैरी बी हैरीस ने दी जानकारी।
वाशिंगटन। अमेरिका और भारत दोनों साउथ एशिया में चीन के वर्चस्व को कम करने के लिए साथ मिलकर काम कर रहे हैं। बुधवार को यूएस नेवी के पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल हैरी बी हैरिस ने एक इंटरव्यू में बताया कि इंडियन और यूएस नेवी दोनों हिंद महासागर में चीन की पनडुब्बियों और चीनी जहाजों के मूवमेंट से जुड़ी हर जानकारी साझा कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत को इस क्षेत्र में बढ़ते चीनी प्रभाव से चिंतित होने की जरूरत है।
चीनी पनडुब्बी की हर जानकारी
इंडियन एक्सप्रेस को दिए एक इंटरव्यू में एडमिरल हैरिस ने कहा कि चीन के मैरीटाइम मूवमेंट के बारे में हर जानकारी आपस में शेयर की जा रही है। एडमिरल हैरिस की मानें तो अमेरिका, भारत के साथ मिलकर काम कर रहा है ताकि भारत की सर्विलांस क्षमता को बेहतर किया जा सके। उनका कहना है कि अमेरिका और भारत के बीच होने वाली मालाबार एक्सरसाइज इस बात का पता लगाने में काफी मदद करती है कि चीन, हिंद महासागर में क्या-क्या कर रहा है। उनका मााना है कि चीनी पनडुब्बी वाकई एक मुद्दा है और दोनों देशों को मालूम है कि हिंद महासागर से चीन अपनी गतिविधियों को संचालित कर रहा है। पढ़ें-विदाई से पहले ओबामा ने की मोदी से फोन पर बात
चीन-पाक के रिश्ते चिंताजनक
उन्होंने भारत को साफ-साफ कहा कि हिंद महासागर में चीन के बढ़ते प्रभाव से परेशान होने की जरूरत है। उनका कहना है कि अगर भारत को यह लगता है कि इस क्षेत्र में चीन का प्रभाव सीमित है तो फिर चीन ने जो भी प्रभाव बनाया है, उसकी तुलना में भारत उतना प्रभावी नहीं है। उन्होंने यह बात भी कही कि पाकिस्तान पैसेफिक कमांड के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता हे लेकिन चीन और पाकिस्तान के रिश्ते वाकई चिंता बढ़ाने वाले हैं। उन्होंने जानकारी दी कि भारत में अपने समकक्ष अधिकारियों से उन्होंने इस बात की चर्चा की है और वे भी काफी परेशान नजर आए हैं। वहीं चीन के बांग्लादेश के साथ करीब होते रिश्ते भी भारत का सिरदर्द साबित हो सकते हैं। उन्होंने चीन पर भारत के नजरिए को सही बताया और कहा कि अमेरिका भी चीन के लिए इसी तरह का नजरिया रखता है। भारत और अमेरिका इस मुद्दे पर काफी बेहतरीन जगह पर है।