अमेरिकी चुनाव: डेमोक्रेट जो बाइडेन बोले-नए प्रशासन की प्रक्रिया शुरू, जिद्दी ट्रंप से मिलने की जताई इच्छा
वॉशिंगटन। अमेरिकी राजनीति में उथल-पुथल जारी है। डेमोक्रेट जो बाइडेन ने मंगलवार को कहा है ट्रांजिशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब रिपब्लिकन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हार मानने से किया इनकार कर दिया है। बाइडेन की मानें तो वह राष्ट्रपति पद संभालने से पहले ट्रांजिशन की शुरुआत कर चुके हैं। 3 नवंबर को हुए चुनावों में बाइडेन को बड़ी जीत मिली है, उन्हें करीब 290 वोट हासिल हुए हैं। उन्हें हर बैटलग्राउंड स्टेट में भी विजय मिली है। साथ ही पॉपुलर वोट्स के मामले में भी वह काफी आगे हैं।

कोई जीत स्वीकारे न स्वीकारे, फर्क नहीं पड़ता
विलमिंग्टन, डेलावेयर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवालों के जवाब में बाइडेन ने कहा, 'हमनें पहले ही ट्रांजिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है, हम इसे जारी रखे हैं और प्रशासन का काम जारी है। हमारी जीत को पहचानने में असफल रहने से हम जो कर सकने में समर्थ हैं, उसकी दिशा नहीं बदलने वाली है।' बाइडेन ने इस बात पर भी भरोसा जताया है कि उनके विपक्षी की तरफ से जीत को स्वीकार न करने का उनकी योजनाओं पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। साथ ही वह अब से लेकर 20 जनवरी के बीच क्या करने में समर्थ हैं, इस पर भी कोई असर नहीं पड़ने वाला है। बाइडेन के शब्दों में, 'पूरी रिपब्लिकन पार्टी को इस स्थिति में रख दिया गया है जहां पर वर्तमान राष्ट्रपति की तरफ से उन्हें कुछ हद तक डराया जा रहा है।' बाइडेन से पूछा गया था कि क्या वह ट्रंप से मिल चुके हैं? इस पर उन्होंने जवाब दिया, 'मिस्टर प्रेसीडेंट मैं आपसे मिलने और आपसे बात करने की तरफ देख रहा हूं।'
ट्रंप बोले-अभी चुनाव खत्म नहीं हुए
जो बाइडेन, पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के प्रशासन में उप-राष्ट्रपति रह चुके हैं। अपने तीसरे प्रयास में वह अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति चुने गए हैं। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव को हुए एक हफ्ते हो चुके हैं। डेमोक्रेट जो बाइडेन विजेता हैं लेकिन चुनाव हार चुके राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अड़ियल रवैये की वजह से अमेरिका में आने वाले दिनों में काफी उठा-पटक की आशंका है। शनिवार को जब जो बाइडेन को विजेता बताया गया तो ट्रंप ने अपने रवैये की पहली झलक दे दी। उन्होंने कहा, 'साधारण सी बात यह है कि यह चुनाव अभी खत्म होने से बहुत दूर हैं। मैं तब तक आराम नहीं करूंगा जब तक कि अमेरिका के लोगों की तरफ से ईमानदारी से दिए हुए वोट की गिनती नहीं हो जाती और जो लोकतंत्र की भी मांग है।'












Click it and Unblock the Notifications