अमेरिकी चुनाव: डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था, जो बाइडेन से हारा तो देश छोड़ दूंगा
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जो अब हार की तरफ बढ़ते हुए नजर आ रहे हैं, कब इसे स्वीकारेंगे कोई नहीं जानता है। लेकिन इतना तय हो गया है कि बड़े स्तर पर अमेरिका की जनता ने उन्हें खारिज कर दिया है। डेमोक्रेट जो बाइडेन इन चुनावों में जनता की पहली पसंद बनकर सामने आए हैं। कोरोना वायरस, देश की मंद पड़ती अर्थव्यवस्था और नस्लीय हिंसा के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने जब अपना चुनावी कैंपेन लॉन्च किया तो बाइडेन पर जमकर हमला बोला। वह एक रैली में तो यहां तक कह गए कि अगर पूर्व उप-राष्ट्रपति जो बाइडेन जीते तो फिर वह देश छोड़कर चले जाएंगे।

Recommended Video
जॉर्जिया रैली में बोले थे ट्रंप
17 अक्टूबर को ट्रंप ने जॉर्जिया के मैकॉन में रैली की थी। इस रैली में उन्होंने उस अमेरिका को छोड़कर जाने का ऐलान कर दिया जिसे वह ग्रेट बनाने की बात करते हैं। ट्रंप करीब दो घंटे तक बोलते रहे और बार-बार यहां पर कोरोना वायरस महामारी, ट्रेड और अमेरिकी अर्थव्यवस्था का जिक्र करते रहे। लेकिन उनके भाषण में उनका सबसे ज्यादा ध्यान जो बाइडेन और उनके परिवार पर था। इसी दौरान ट्रंप ने चुनाव हारने पर देश को छोड़कर जाने की बात कह डाली। ट्रंप ने कहा, 'क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि मैं हार जाऊंगा? मुझे तो इस पर बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगेगा। हो सकता है कि तब मुझे देश छोड़कर जाना पड़े। मैं नहीं जानता।' उस समय ट्रंप चुनावी सर्वे में पीछे चल रहे थे और उनके पास बाइडेन की तुलना में कैश भी बहुत कम था। अगर ट्रंप चुनाव हार जाते हैं तो साल 1992 के बाद दूसरी पारी में हार का मुंह देखने वाले वह पहले राष्ट्रपति बनेंगे। उनसे पहले जॉर्ज एच डब्लू बुश को हार का सामना करना पड़ा था और वह दूसरा कार्यकाल हासिल करने से चूक गए थे। बुश के बाद बिल क्लिंटन, उनके बेटे जॉर्ज डब्लू बुश (जूनियर) और बराक ओबामा सफलतापूर्वक दो बार चुने गए थे।
कोर्ट से भी ट्रंप को कोई उम्मीद नहीं
रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप दूसरे कार्यकाल की तरफ देख रहे हैं। लेकिन उनकी राह मुश्किल हो गई है। डेमोक्रेट जो बाइडेन से उन्हें कड़ी टक्कर मिल रही है। फिलहाल जो बाइडेन 264 और ट्रंप 214 इलेक्टोरल वोट्स के साथ कुछ और राज्यों से नतीजों के आने का इंतजार कर रहे हैं।जॉर्जिया और मिशीगन में ट्रंप कैंपेन को मिली कोर्ट में हार, नवादा में अब फाइल करेंगे केस। जॉर्जिया में ट्रंप कैंपेन ने आरोप लगाया है कि 53 ऐसे बैलेट्स को मिला दिया गया है जो देरी से पहुंचे थे। जबकि मिशीगन में कैंपेन वोट काउंटिंग को रोकने के लिए कोर्ट पहुंचा था। दोनों ही केसेज में जजों ने कहा है कि उनके पास ऐसे कोई ठोस सुबूत नहीं हैं जिससे आरोपों की पुष्टि हो सके। इसके साथ ही याचिकाओं को खारिज कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications