इजराइल पर कभी भी हमला कर सकता है ईरान, US भेज रहा एयरक्राफ्ट कैरियर, क्या भारत भेजेगा गोला बारूद?
Israel-Iran War: इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच युद्ध शुरू होने की आशंका जताई जा रही है और इसके चलते संयुक्त राज्य अमेरिका की सेना ने मध्य पूर्व में एयरक्राफ्ट कैरियर, वारशिप्स और फाइटर जेट्स भेजने की घोषणा कर दी है।
शुक्रवार को, पेंटागन ने घोषणा की है, कि वह मध्य पूर्व में एक अतिरिक्त लड़ाकू जेट स्क्वाड्रन, नौसेना क्रूजर और विध्वंसक जहाज भेजेगा। जिसके बाद सवाल उठ रहे हैं, कि क्या भारत अभी भी इजराइल को गोला बारूद की सप्लाई कर रहा है और क्या भारत आगे भी इजराइल को हथियार भेजेगा?

क्या भारत भेज रहा इजराइल को हथियार?
अगर इजराइल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होता है, तो भारत के लिए ये एक बड़ा डिप्लोमेटिक संकट होगा, क्योंकि दोनों ही देश भारत के करीबी दोस्त हैं। लिहाजा, भारत के लिए किसी एक देश का पक्ष लेना आसान नहीं होगा।
भारत ने बार बार 7 अक्टूबर को दक्षिणी इजराइल पर किए गये हमास के क्रूर हमले की निंदा की है। भारत ने यूनाइटेड नेशंस में भी हमास की निंदा की थी और इजराइल के 'आत्मरक्षा के अधिकार' का समर्थन किया था। हालांकि, फिलीस्तीन को लेकर भारत अभी भी अपने पुराने रूख 'टू स्टेस सोल्यूशन' पर कायम है। भारत ने हाल में भी कहा है, कि भारत चाहता है, कि 'टू स्टेस सोल्यूशन' के जरिए इजराइल और फिलीस्तीन के बीच विवाद का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से किया जाए, लेकिन बार ने हमास के हमले को आतंकवादी हमला बताकर इजराइल के साथ अपने दोस्ती का सबूत दिया है।
इसके अलावा भी, जब यूरोपीय देशों में भी इजराइल को हथियारों की सप्लाई रोकने की मांग की जा रही है, उस समय भी भारत, अपने दोस्त को हथियारों और गोला-बारूद की सप्लाई कर रहा है।
मई महीने में रिपोर्ट आई थी, कि जिस वक्त इजराइल, गाजा पट्टी में हमास के साथ भीषण संघर्ष में उलझा हुआ है, तो भारत यहूदी राज्य को गोला-बारूद की सप्लाई कर रहा है। रिपोर्टों से पता चलता है, कि जैसे-जैसे इजराइल और ईरान समर्थित हमास के बीच संघर्ष तेज हुआ है, युद्ध सामग्री के रणनीतिक आपूर्तिकर्ता के रूप में भारत की भूमिका तेजी से महत्वपूर्ण हो गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत ने मई महीने में इजराइल कर 27 टन गोला बारूद की सप्लाई की थी, हालांकि इसके बाद भारत ने इजराइल को हथियार भेजे हैं, या नहीं भेजे हैं, या फिर कितनी मात्रा में विस्फोटक भेजे हैं, या क्या भारत आगे भी इजराइल को हथियार भेजने वाला है, इसकी जानकारी हमारे पास नहीं है।
भारत ने इजराइल को जो हथियार भेजे हैं, उनमें भारतीय एयरो-स्ट्रक्चर और सबसिस्टम के साथ-साथ 20 से ज्यादा हर्मीस 900 यूएवी/ड्रोन शामिल हैं। इसके अलावा, सरकार के स्वामित्व वाली म्यूनिशन्स इंडिया लिमिटेड ने हाल ही में जनवरी 2024 में इज़राइल को गोला-बारूद निर्यात किया है, जिसने अंतर्राष्ट्रीय ध्यान आकर्षित किया है।

ईरान कर सकता है खतरनाक हमला
तेहरान में हमास के नेता इस्माइल हानिया की हत्या के लिए ईरान ने इजराइल पर आरोप लगाए हैं मीडिया रिपोर्ट्स से संकेत मिलता है, कि ईरान भीषण जवाबी हमला करने की योजना बना रहा है। ईरान के सुप्रीम लीडर ने प्रतिशोध की कसम खाई है।
इससे इस बात की आशंका बढ़ गई है कि संघर्ष व्यापक हो सकता है और इससे पूरे क्षेत्र में तबाही मच सकती है।
पेंटागन ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, कि मध्य पूर्व में अमेरिका की सैन्य क्षमता बढ़ाने का फैसला इजरायली अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बातचीत के बाद लिया गया है। पेंटागन ने बताया है, कि अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड ऑस्टिन ने अपने इजरायली समकक्ष योआव गैलेंट के साथ बातचीत की है। इससे पहले गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच बातचीत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications