Venezuela पर आक्रमण कर बुरे फंसे डोनाल्ड ट्रंप, रुबियो ने वेनेजुएला की सत्ता चलाने वाले दावे पर लिया यू-टर्न
US attacks Venezuela: अमेरिका द्वारा वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद अब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कानूनी और राजनीतिक सवालों से बुरी तरह घिर गए हैं। वेनेजुएला पर एयर स्ट्राइक के बाद राष्ट्रपति मादुरो को जबरन पकड़ने की अमेरिकी कार्रवाई को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ट्रंप को कड़ी प्रतिक्रियाएं झेलनी पड़ रही हैं। इस सबके बीच ट्रंप प्रशासन ने भी अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान पर यू टर्न ले लिया है।
इस पूरे ऑपरेशन पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बयान दिया है। रुबियो ने ट्रंप के उस दावे पर सफाई दी है, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका वेनेजुएला की सत्ता का संक्रमण पूरा होने तक उसे "चलाएगा"। रुबियो के मुताबिक, अमेरिका वेनेजुएला को नहीं चला रहा, बल्कि केवल "भविष्य की दिशा तय कर रहा है।"

सीबीएस न्यूज़ को दिए साक्षात्कार में रुबियो ने ट्रंप के बयानों पर यू-टर्न लेते हुए कहा "हम जो चला रहे हैं, वह यह है कि आगे चीजें किस दिशा में जाएंगी। हमारे पास दबाव बनाने की ताकत है।" उन्होंने अमेरिका की भूमिका मौजूदा "तेल प्रतिबंध" लागू करने तक सीमित बताई। इसका उद्देश्य वेनेजुएला के तेल क्षेत्र और मादक पदार्थों की तस्करी में बदलाव लाने हेतु दबाव बनाना है।
रूबियो बोले- हमारा मिशन बिल्कुल अलग है
रुबियो की ये टिप्पणियां अमेरिका के लंबे विदेशी हस्तक्षेप से जुड़ी चिंताओं को शांत करने के लिए थीं। उन्होंने लीबिया या इराक जैसे मिडिल-ईस्ट के अभियानों से तुलना खारिज करते हुए कहा, "यह मिडिल-ईस्ट नहीं है... हमारा मिशन बहुत अलग है।
ट्रंप ने वेनेजुएला पर नियंत्रण करने का किया था दावा
गौरतलब है कि ट्रंप ने शनिवार को फ्लोरिडा में दोहराया था कि वाशिंगटन वेनेजुएला को अस्थायी रूप से नियंत्रित करेगा। ट्रंप ने कहा, "हम देश को तब तक चलाएंगे जब तक हम एक सुरक्षित, उचित और विवेकपूर्ण संक्रमण नहीं कर लेते।" इस बयान ने डेमोक्रेट्स और हस्तक्षेप-विरोधी रिपब्लिकन सदस्यों में असंतोष पैदा किया था।
रूबियो ने ट्रंप के बयान पर दी सफाई
रुबियो ने राष्ट्रपति के "नियंत्रण" संबंधी कथन की व्याख्या मौजूदा प्रतिबंधों को जारी रखने के रूप में की। उन्होंने सीबीएस पर कहा, "राष्ट्रपति जिस तरह के नियंत्रण की बात कर रहे हैं, वह यही है। हम उस प्रतिबंध को जारी रखेंगे और उम्मीद करते हैं कि तेल उद्योग में सुधार होगा और मादक पदार्थों की तस्करी रुकेगी।"
अमेरिका द्वारा जब्त किए गए स्वीकृत तेल टैंकरों पर लगी नाकेबंदी महत्वपूर्ण दबाव बिंदु बनी रहेगी। व्हाइट हाउस ने ट्रंप की इन टिप्पणियों पर एसोसिएटेड प्रेस के सवालों का जवाब देने से इनकार कर दिया।
रोबियो ने कहा- हर चीज का मूल्यांकन उनके कार्यों से करेंगे।
रुबियो ने संकेत दिया कि अमेरिका कराकस के वर्तमान नेतृत्व को कार्य करने का समय देगा। उन्होंने कहा, "हम हर चीज का मूल्यांकन उनके कार्यों से करेंगे।" सैन्य उपस्थिति से इंकार किए बिना भी, उन्होंने मौजूदा अमेरिकी "force posture" को मादक पदार्थों की नावों और प्रतिबंधित तेल शिपमेंट को रोकने के लिए पर्याप्त बताया।
ट्रंप ने रोड्रिग्ज को दी चेतावनी
वहीं इस सबके बीच ट्रंप ने वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को नई चेतावनी दी। द अटलांटिक से साक्षात्कार में उन्होंने कहा, "अगर वह सही काम नहीं करती है, तो उसे बहुत बड़ी कीमत चुकानी होगी, शायद मादुरो से भी बड़ी।" यह चेतावनी पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद आई।












Click it and Unblock the Notifications