चार नवंबर को लागू होंगे ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंध, लेकिन भारत जारी रख सकता है तेल की आयात
वॉशिंगटन। चार नवंबर से ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंध लागू हो जाएंगे और इससे पहले भारत के लिए एक अच्छी खबर आई है। अमेरिका की ओर से भारत के अलावा सात और देशों को ईरान से तेल निर्यात जारी रखने की मंजूरी दे दी है। भारत, जापान और दक्षिण कोरिया के अलावा पांच और देश प्रतिबंधों के बाद भी ईरान से तेल का आयात जारी रखेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की ओर से ईरान की अर्थव्यवस्था को निशाना बनाने के मकसद से चार नवंबर से प्रतिबंध लागू हो जाएंगे। शुक्रवार को अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपेयो की ओर से छूट के बारे में जानकारी दी जाएगी।
चीन पर भी नरम हुआ अमेरिका
चीन को लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है कि उसे अमेरिका की ओर से छूट दी जाएगी या नहीं। चीन अभी तक अमेरिका के साथ वार्ता में व्यस्त है। लेकिन सूत्रों की मानें तो आठ देशों की इस लिस्ट में चीन का नाम भी शामिल है। ट्रंप प्रशासन के दो लोग जिनके पास इस बात की जानकारी है और उन्होंने अपना नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी ब्लूमबर्ग को दी। चार और देश कौन से हैं इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपेयो कह चुके हैं कि अमेरिका को इस बात की उम्मीद है कि प्रतिबंध लागू होने के बाद हर देश ईरान से कच्चे तेल की खरीद को जीरो कर दिया जाएगा। हालांकि उन्होंने इस बात को भी माना था कि कुछ देशों के साथ उन्हें दी जाने वाले छूट पर भी बातचीत जारी है। ट्रंप प्रशासन के एक अधिकारी की ओर से कहा गयास है कि यह छूट अस्थायी होगी। अमेरिका को उम्मीद है क आने वाले कुछ माह के अंदर ईरान से कच्चे तेल के आयात को लेकर देश सजग होंगे और इसमें कटौती करेंगे।