रूस के कब्जे वाले क्रीमिया पर यूक्रेन का भीषण हमला, हथियार भंडार को उड़ाया, क्षेत्र से निकाले जा रहे लोग
Ukraine attack on Crimea: रूस ने दावा किया है, कि यूक्रेन ने क्रीमिया में हथियार डिपो के ऊपर भीषण हमला किया है, जिसके बाद हथियार डिपो में विस्फोट हो गया है। क्रीमिया के प्रमुख, जिन्हें रूस ने इंचार्ज के तौर पर नियुक्त किया है, उन्होंने यूक्रेनी हमले में बारूद भंडार में विस्फोट होने का दावा किया है।
क्रीमिया के इंचार्ज ने कहा है, कि यूक्रेनी हमले के बाद रेल यातायात को रोक दिया गया है और पांच किलोमीटर के भीतर रहने वाले लोगों से अपने घरों को खाली करने का आदेश दिया गया है।

क्रीमिया पर यूक्रेन का हमला
क्रीमिया पहले यूक्रेन का ही हिस्सा था, जिसपर रूस ने साल 2014 में कब्जा कर लिया था और उसके बाद से क्रीमिया के अधिकारी की नियुक्त रूस ही करता है।
क्रीमिया के इंचार्ज सर्गेई अक्स्योनोव ने टेलीग्राम पर कहा, कि "क्रास्नोग्वार्डिस्की जिले में दुश्मन के ड्रोन हमले के परिणामस्वरूप, गोला-बारूद डिपो में विस्फोट हुआ है।" उन्होंने कहा, "ज़ोन के पांच किलोमीटर के भीतर (रहने वाले) लोगों को निकालने का फैसला लिया गया है।" उन्होंने कहा, कि "जोखिम को कम करने के लिए, क्रीमिया रेलवे पर रेल यातायात को रोकने का भी फैसला लिया गया है।"
उन्होंने कहा, कि मॉस्को से जुड़े क्षेत्र के केंद्र में बुनियादी ढांचे पर यूक्रेन ने ड्रोन हमले का "प्रयास" किया है। क्रीमिया को रूसी मुख्य भूमि से जोड़ने वाले रूस के पुल पर हमले में दो लोगों के मारे जाने के पांच दिन, बाद हथियार डिपो पर हमला करने का दावा किया गया है।
सर्गेई अक्स्योनोव ने काला सागर प्रायद्वीप के एक अंतर्देशीय क्षेत्र के बारे में बोलते हुए कहा, कि "दुश्मन ने क्रीमिया गणराज्य के क्रास्नोग्वर्डेस्की जिले में बुनियादी सुविधाओं पर ड्रोन का उपयोग करके हमला करने का प्रयास किया।"
उन्होंने कहा, कि आपातकालीन कर्मचारी "संभावित परिणामों" से निपटने के लिए घटनास्थल पर मौजूद है। उन्होंने सभी क्रीमियावासियों से "शांत रहने" की अपील की है।
हालांकि, अक्स्योनोव ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है, कि इस हमले में कितने लोग मारे गये हैं और कितने लोग घायल हुए हैं। रूस के 17 महीने के यूक्रेन हमले के दौरान क्रीमिया एक लक्ष्य बना हुआ है, हालांकि, हाल के हफ्तों में हमले तेज हो गए हैं।
क्या क्लस्टर बम इस्तेमाल कर रहा है यूक्रेन
वहीं, रूस ने कहा है, कि यूक्रेन ने रूस के ऊपर क्लस्टर बम से हमला किया है। बेलगोरोड के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लैडकोव ने शनिवार को कहा, कि पश्चिमी बेलगोरोड क्षेत्र में स्थित रूसी सीमावर्ती गांव ज़ुरावलेव्का पर शुक्रवार (21 जुलाई) को यूक्रेन ने क्लस्टर हथियारों से हमला किया है।
गवर्नर ग्लैडकोव ने पिछले दिन किए गए हमलों का जिक्र करते हुए टेलीग्राम पर कहा, कि "बेलगोरोड क्षेत्र में, ज़ुरावलेव्का गांव में एक मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर से 21 तोपखाने के गोले और तीन क्लस्टर गोला बारूद (यूक्रेनी सेना द्वारा) दागे गए हैं।"
आपको बता दें, कि इसी महीने अमेरिका ने यूक्रेन को क्लस्टर बम सौंपने की बात कही थी, जिसको लेकर रूस ने कहा है, कि अगर यूक्रेन क्लस्टर बम का इस्तेमाल करता है, तो रूस भी क्लस्टर बमों का इस्तेनाल करेगा।












Click it and Unblock the Notifications