ब्रिटेन में फिलिस्तीन का समर्थन करने वाले मंत्री हुए बर्खास्त, विवादित टिप्पणी करने वाले सांसद भी निलंबित
ब्रिटेन में इजराइल-गाजा युद्ध में युद्धविराम का आह्वान करने के बाद सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी के एक ब्रिटिश सांसद को मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया गया है। विज्ञान, नवाचार और प्रौद्योगिकी राज्य सचिव के सहयोगी पॉल ब्रिस्टो ने पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को एक पत्र लिखा था जिसमें उनसे इजराइल-हमास संघर्ष पर अपनी स्थिति बदलने का आग्रह किया गया था।
ब्रिस्टो ने अपने पत्र में कहा कि पूर्ण युद्धविराम से जिंदगियां बच जाएंगी और मानवीय सहायता उन लोगों तक पहुंच सकेगी जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। डाउनिंग स्ट्रीट ने कहा कि पॉल ब्रिस्टो ने ऐसी टिप्पणियां कीं जो "सामूहिक जिम्मेदारी के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं थीं"।

ब्रिटिश सरकार का कहना है कि वह "मानवीय विराम" का समर्थन करती है, लेकिन युद्धविराम का नहीं। ब्रिस्टो, जो संसद में पीटरबरो का प्रतिनिधित्व करते हैं और ब्रिटिश मुसलमानों पर सर्वदलीय संसदीय समूह के सह-अध्यक्ष हैं, ने सुनक के फैसले पर निराशा जताई।
आपको बता दें कि एक दिन पहले ब्रिटेन में लेबर पार्टी ने भी अपने सांसद को निलंबित कर दिया था। एंडी मैक्डोनाल्ड ने इज़राइल-गाजा युद्ध से संबंधित "बेहद आपत्तिजनक" टिप्पणियां की थीं। मिडिल्सब्रा के सांसद ने फिलिस्तीन समर्थक रैली में एक भाषण में इजराइल की समाप्ति का आह्वान किया था।
आपको बता दें कि इजराइल और हमास की जंग का आज 25वां दिन है। इजराइली सेना ने जानकारी दी है कि सोमवार रात उन्होंने हमास के 300 ठिकानों को निशाना बनाया। इनमें एंटी-टैंक मिसाइल और रॉकेट लॉन्चिंग साइट्स, मिलिट्री कम्पाउंड और जमीन के नीचे मौजूद सुरंगें शामिल थीं।
सेना ने बताया कि उन्होंने सुरंगों में मौजूद हमास के लड़ाकों पर हमला किया। इस दौरान हमास के कई आतंकियों को मार डाला। इजराइली सेना ने दावा किया कि उन्होंने हमास के सीनियर लीडर नसीम अबु अजीना को मार गिराया। ये 7 अक्टूबर को इजराइल के शहरों एरेज और नेतिव हासारा पर हमले का मास्टरमाइंड था।
इजराइली सेना ने कहा कि आने वाले दिनों में गाजा में ग्राउंड ऑपरेशन तेज किया जाएगा। वहीं, सोमवार देर रात प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि 7 अक्टूबर से इजराइल युद्ध में है। इजराइल ने इस युद्ध की शुरुआत नहीं की। इजराइल यह युद्ध नहीं चाहता था। हम युद्ध विराम का ऐलान नहीं करेंगे, यह हमास के सामने सरेंडर करने जैसा होगा।












Click it and Unblock the Notifications