UK General Elections 2024: यूके चुनाव के नतीजे कब होंगे घोषित? ऋषि सुनक के लिए अपनी सीट बचाना भी मुश्किल!
UK General Elections 2024 Result Time: यूनाइटेड किंगडम में मतदान जारी हैं और सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं, कि प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, जिनकी पार्टी - कंजर्वेटिव - करीब 14 सालों से सत्ता में है, वो लेबर पार्टी के नेता कीर स्टारमर की चुनौती का सामना कर पाएंगे या नहीं? कुछ जनमत सर्वेक्षणों ने हाउस ऑफ कॉमन्स में लेबर पार्टी की लैंडस्लाइट जीत की भविष्यवाणी की है।
कई ओपिनियन पोल्स में लेबर पार्टी को 650 में से 400 से ज्यादा सीटें दी गई हैं। वहीं, ऋषि सुनक को लेकर रिपोर्ट है, कि उन्होंने अपने सलाहकारों से अपनी सीट हारने की आशंका जताई है।

यूके चुनाव के नतीजे कब होंगे घोषित?
यूके आम चुनाव 2024 के नतीजे रात 10 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 2:30 बजे) से आने शुरू हो जाएंगे, और ज्यादातर निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजे शुक्रवार की सुबह तक आने की उम्मीद है। सरकार बनाने के लिए किसी पार्टी को हाउस ऑफ कॉमन्स में 326 सीटों के बहुमत की आवश्यकता होती है।
ब्लीथ और एशिंगटन के रात 11:30 बजे के अनुमानित समय पर नतीजे घोषित करने वाला पहला निर्वाचन क्षेत्र होने की उम्मीद है, उसके बाद बेसिलडन और बिलरिके का स्थान है।
अनुमान है कि अंतिम नतीजे सुबह 6 से 7 बजे (शुक्रवार को भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 से 11:30 बजे) के बीच आएंगे। मतपत्रों की पुष्टि और गिनती या पुनर्गणना में देरी जैसे मुद्दों से समय प्रभावित हो सकता है। शुक्रवार दोपहर तक (भारत में), हम ब्रिटिश संसद की सभी 650 सीटों के नतीजों की उम्मीद कर सकते हैं।
ऋषि सुनक और कंजर्वेटिव पार्टी से नाराजगी की वजह
ऋषि सुनक सरकार से क्यों है निराशा?
2016 में यूरोपीय संघ से बाहर निकलने के लिए मतदान करने के बाद से ब्रिटेन आर्थिक उथल-पुथल में घिरा हुआ है। वर्तमान में, ब्रिटिश मतदाताओं के लिए सबसे बड़ी चिंता उनके बिगड़ते जीवन स्तर हैं। जबकि महंगाई की दर अक्टूबर 2022 में 11.1% के शिखर पर पहुंचने के बाद मई में 2% तक गिर गई है। लेकिन, लोगों की इनकम में लगातार गिरावट जारी है और खाद्य कीमतें जुलाई 2021 के बाद से 20 प्रतिशत से ज्यादा पर बनी हुई है।
इसने निवर्तमान कंजर्वेटिव सरकार को आधुनिक ब्रिटिश इतिहास में पहली सरकार बना दिया है, जिसने ब्रिटिश लोगों के जीवन यापन को पहले से भी बदतर स्थिति में छोड़ दिया है।
थिंक टैंक रेजोल्यूशन फाउंडेशन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 और 2024 के अंत के बीच घरेलू डिस्पोजेबल आय में 0.9% की कमी आने की संभावना है। रिकॉर्ड संख्या में नागरिक अब फुड स्टांप्स पर निर्भर हैं।
यह सब तब हो रहा है, जब टोरी पार्टी के सत्ता में रहने के 14 सालों के दौरान सार्वजनिक व्यय में लगातार कटौती की गई है। प्रसिद्ध नेशनल हेल्थ सर्विस (NHS) की भी स्थिति खराब हो गई है, जिसमें काफी संख्या में भारतीय मूल के प्रोफेशनल्स हैं। एनएचएस में डॉक्टरों की संख्या में लगातार गिरावट आई है, जबकि लोगों को मिलने वाला पेंशन, महंगाई के साथ तालमेल बिठाने में नाकाम रही है।

पीएम की रेस में शामिल कीर स्टारमर कौन हैं? (Who is Keir Starmer)
स्टारमर ने UK में विपक्षी नेता के रूप में चार साल बिताए हैं और अपनी लेबर पार्टी को वामपंथ से राजनीतिक मध्यमार्ग की ओर खींचा है। उन्होंने 14 साल बाद लेबर पार्टी की सरकार बनने पर, ब्रिटिश जनता को बदलाव का भरोसा दिलाया है, एक ऐसा बदलाव, जब लोग जीवन-यापन की लागत के संकट से जूझ रहे हैं और स्वास्थ्य सेवा तक उनकी पहुंच मुश्किल हो रही है।
प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने 22 मई को चुनाव की घोषणा की थी, जिसके बाद स्टारमर ने कहा था, कि "लेबर पार्टी के लिए वोट, मतलब देश की स्थिरता के लिए वोट है - आर्थिक और राजनीतिक स्थिरता के लिए वोट है।"
1963 में जन्मे स्टारमर एक टूलमेकर और एक नर्स के बेटे हैं, जिन्होंने उनका नाम लेबर पार्टी के पहले नेता कीर हार्डी के नाम पर रखा था। वह चार बच्चों में से एक थे और उनका पालन-पोषण लंदन के बाहर एक छोटे से शहर में एक गरीब परिवार में हुआ था।
उन्होंने अपने चुनावी अभियान के दौरान कहा, कि "मुझे पता है कि बेकाबू मुद्रास्फीति कैसा महसूस होता है, कैसे बढ़ती जीवन-यापन की लागत आपको डराती है: क्या वह एक और बिल लाएंगे, जिसे हम वहन नहीं कर सकते?"
स्टारमर की मां, स्टिल्स रोग से पीड़ित थीं, जो एक पुरानी बीमारी है, जिससे उन्हें दर्द रहता था। स्टारमर ने कहा है, कि अस्पताल में उनसे मिलने और उनकी देखभाल करने में मदद करने से उन्हें राज्य द्वारा वित्तपोषित राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा के लिए मजबूत समर्थन बनाने में मदद मिली। कठिन परिस्थितियों के बावजूद, वह अपने परिवार के पहले सदस्य थे, जिन्होंने कॉलेज जाकर लीड्स यूनिवर्सिटी और ऑक्सफ़ोर्ड में कानून की पढ़ाई की।












Click it and Unblock the Notifications