तालिम तूफान ने मचाई जापान में तबाही, चार प्रान्तों में जन-जीवन ठप
टोक्यो। जापान के दक्षिणी हिस्से में शक्तिशाली तूफान तालिम कहर बरपा रहा है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, तूफान से सोमवार को दो लोगों की मौत हो गई है जबकि तीन लापता हैं। तूफान ने रविवार से क्यूशू समेत दक्षिण जापान के चार द्वीपों पर तबाही मचाई है। क्षेत्र में 162 किमी प्रति घंटा से चल रही हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन ठप है। सैकड़ों घरेलू उड़ानें रद्द कर दी गईं हैं और रेल सेवाएं रोक दी गई हैं।
दक्षिणी जापान में रविवार को इस मौसम के 18वें शक्तिशाली तूफान ने दस्तक दी है। अधिकारियों ने बताया कि जापान के आधे से ज्यादा द्वीप समूहों में भारी बारिश, समुद्र में ऊंची लहरें, संभावित भूस्खलन और बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है।
तूफान तालिम के कहर के चलते 650 से ज्यादा विमान सेवाएं और ट्रेनों के संचालन को रद्द कर दिया गया है। कागोशिमा प्रांत में 1,400 से ज्यादा घरों और मियाजाकी प्रांत में 650 से ज्यादा घरों की बिजली और दूसरी सेवाएं कट गई हैं। अधिकारियों ने मियाजाकी, कागोशिमा, ओइटा, कुमामोटो और फुकुओका प्रांतों के लोगों को वहां से निकलने और सुरक्षित स्थानों की तरफ आने को कहा है।
पढ़ें- उत्तर कोरिया की मिसाइलों को तबाह क्यों नहीं कर देता जापान?