इजराइली प्रधानमंत्री पर तुर्की के राष्ट्रपति अर्दोआन के बिगड़े बोले, बेंजामिन नेतन्याहू को बताया 'गाजा का कसाई
Erdogan calls Netanyahu butcher of Gaza: तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ काफी विवादित शब्दों का इस्तेमाल किया है और अर्दोआन ने सोमवार को कहा, कि इजरायल के प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पर गाजा पट्टी में इजरायली हमले के लिए युद्ध अपराधी के तौर पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
इसके साथ ही, तुर्की के राष्ट्रपति ने इजराइल का समर्थन करने वाले पश्चिमी देशों की भी कड़ी आलोचना की है।
तुर्की, जो दशकों पुराने संघर्ष को लेकर गाजा पट्टी के लिए 'दो-राज्य समाधान' का समर्थन करता रहा है, उसने 7 अक्टूबर को आतंकवादी समूह हमास के उत्पात के जवाब में गाजा में शुरू किए गए अपने अभियान पर इजरायल की तीखी आलोचना की है। आपको बता दें, कि हमास नियंत्रित गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है, कि इजराइली हमले में अभी तक साढ़े 15 हजार से ज्यादा लोग मारे गये हैं।

इजराइली पीएम पर भड़के तुर्की के राष्ट्रपति
इस्तांबुल में इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) समिति की बैठक में एक भाषण में, अर्दोआन ने कहा, कि इजराइल का समर्थन करने वाले पश्चिमी देश इसे "बच्चों को मारने के लिए बिना शर्त समर्थन" दे रहे हैं और इसके अपराधों में शामिल हो रहे हैं।
अर्दोआन ने यूगोस्लाव के पूर्व राष्ट्रपति स्लोबोदान मिलोसेविक के संदर्भ में कहा, कि "एक युद्ध अपराधी होने के अलावा, नेतन्याहू, जो अभी गाजा का कसाई है, उसपर गाजा के कसाई के रूप में मुकदमा चलाया जाएगा, जैसे मिलोसेविच पर मुकदमा चलाया गया था।"
उन्होंने पश्चिमी शक्तियों का जिक्र करते हुए कहा, कि "जो लोग हमास का बहाना बनाकर, उन सभी निर्दोष लोगों की मौत से बचने की कोशिश करते हैं, उनके पास मानवता के बारे में कहने के लिए कुछ नहीं बचा है।"
अपने अधिकांश पश्चिमी सहयोगियों और कुछ खाड़ी देशों के विपरीत, नाटो सदस्य तुर्की हमास को एक आतंकवादी समूह के रूप में नहीं देखता है और इसके कुछ सदस्यों की मेजबानी करता रहता है।
अर्दोआन, जिनकी सत्तारूढ़ पार्टी की जड़ें इस्लामवादी हैं, उन्होंने कहा, कि मुस्लिम देशों का एक तथाकथित संपर्क समूह, जिसे पिछले महीने पश्चिमी देशों और अन्य लोगों के साथ गाजा पर बातचीत करने के लिए ओआईसी और अरब लीग द्वारा गठित किया गया था, वो गाजा में लड़ाई तक चर्चा जारी रखेगा और वो गाजा के लिए और भी बहुत कुछ करेगा।
उन्होंने कहा, कि "हमें इस ढांचे के भीतर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद और अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) का पूरी तरह से मूल्यांकन करना चाहिए।" उन्होंने कहा, इज़राइल के परमाणु शस्त्रागार को नहीं भूलना चाहिए।
इसके अलावा, तुर्की के राष्ट्रपति ने कहा है, कि संयुक्त राष्ट्र गाजा समस्या का समधान करने में नाकाम रहा है और अब वक्त आ गया है, जब संयुक्त राष्ट्र में तत्काल सुधार की जरूरत है। वहीं, उन्होंने इस बात कर जोर दिया, कि वीटो पावर वाले पांच देश (अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन और रूस) दुनिया का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं।
उन्होंने कहा, "महासचिव (एंटोनियो) गुटेरेस के ईमानदार प्रयासों को सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने विफल कर दिया।" उन्होंने कहा, "हममें से किसी को भी इस प्रणाली को स्वीकार नहीं करना है।" उन्होंने कहा, कि ऐसी संरचना के साथ शांति लाना, या शांति की उम्मीद करना संभव नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications