कश्मीरी पंडितों को इंसाफ दे भारत सरकार, इस्लामी आतंकियों ने... UK की 3 पार्टियों के सांसदों ने पेश किया मोशन
British MPs table motion on Kashmir: ब्रिटिश संसद के तीन सदस्यों ने अपनी संसद में एक अर्ली डे मोशन पेश किया है, जिसमें भारत सरकार से कश्मीरी पंडित समुदाय को "बहुप्रतीक्षित न्याय" देने की मांग की गई है, जबकि यूके सरकार से "इस नरसंहार" के पीड़ितों के लिए प्रतिबद्धता बढ़ाने का आग्रह किया गया है।
यह प्रस्ताव 19 जनवरी को पेश किया गया है, जिसे कश्मीरी पंडितों द्वारा 1990 में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों की धमकियों और हत्याओं की वजह से कश्मीर घाटी से अपने कश्मीरी पंडितों के हुए नरसंहार को चिह्नित करने के लिए 'पलायन दिवस' के रूप में मनाया जाता है।

ब्रिटिश संसद में पेश किया गया मोशन
यूके संसद की वेबसाइट पर उपलब्ध अर्ली डे मोशन (ईडीएम 276) के मुताबिक, तीन पार्टियों के सांसदों ने इस मोशन को पेश किया है, जिसमें सत्ताधारी कंजर्वेटिव और विपक्षी लेबर पार्टी के सांसद भी शामिल हैं।
ब्रिटेन की कंजर्वेटिव पार्टी के सांसद बॉब ब्लैकमैन, डेमोक्रेटिक यूनियनिस्ट पार्टी के नेता जिम शैनन और लेबर पार्टी के नेता वीरेंद्र शर्मा ने 'भारत में जम्मू-कश्मीर के कश्मीरी पंडितों के नरसंहार की 34वीं बरसी' के मौके पर मोशन को पेश किया है।
ब्रिटिश संसद की वेबसाइट के मुताबिक, "इस प्रस्ताव पर तीन संसद सदस्यों ने हस्ताक्षर किए हैं। इसमें अभी तक कोई संशोधन प्रस्तुत नहीं किया गया है।"
अर्ली डे मोशन यानि ईडीएम में लिखा गया है, कि "यह सदन जनवरी 1990 में सीमा पार इस्लामी आतंकवादियों और उनके समर्थकों द्वारा जम्मू-कश्मीर की निर्दोष आबादी पर कॉर्डिनेटेड हमलों की 34वीं बरसी को गहरे दुख और निराशा के साथ मनाता है और उन सभी लोगों के परिवार और मित्र जो इस सुनियोजित नरसंहार में मारे गए, जिनके साथ बलात्कार हुआ, जो घायल हुए और जो विस्थापित हुए, उनके साथ अपनी संवेदना जताता है।"
ईडीएम ने "जम्मू और कश्मीर में पवित्र स्थलों के अपमान" की भी निंदा की और कहा, वह चिंतित है, कि उत्पीड़न से भागे कश्मीरियों को "अभी भी न्याय या उनके खिलाफ किए गए अत्याचारों की मान्यता नहीं मिली है।"
इसके अलावा, ईडीएम में कहा गया है, कि कश्मीरी पंडितों की संपत्तियों को अभी तक हड़पा जा रहा है।
तीनों ब्रिटिश सांसदों ने अपने प्रस्ताव के माध्यम से भारत सरकार से आग्रह किया है, कि वह "जम्मू-कश्मीर में हिंदुओं के नरसंहार के सबसे बुरे रूप को पहचानने और स्वीकार करने की अपनी दीर्घकालिक अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धता को पूरा करें... जिससे कश्मीरी पंडित समुदाय को "बहुप्रतीक्षित न्याय" मिले।"












Click it and Unblock the Notifications