Thailand School Shooting: छात्र ने स्कूल में की फायरिंग, टीचर की मौत, 15 घायल, फिर खुद भी उठाया खौफनाक कदम
Thailand School Shooting: थाईलैंड से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक स्कूल में पढ़ने वाले 8वीं कक्षा के छात्र ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर छात्र ने भी अपनी जान दे दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और स्कूल परिसर को खाली कराया गया।
यह घटना शुक्रवार (07 अगस्त) को थाईलैंड के नॉनथाबुरी प्रांत के डेबसिरिन नॉनथाबुरी स्कूल में हुई। यह इलाका राजधानी बैंकॉक से करीब 20 किलोमीटर दूर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, फायरिंग करने वाला छात्र 8वीं कक्षा में पढ़ता था।

मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गोलीबारी के बाद छात्र स्कूल की तीसरी मंजिल पर खुद को बंद कर लिया। कुछ देर बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। बाद में अधिकारियों ने पुष्टि की कि हमले में एक शिक्षक की मौत हुई है और 15 अन्य लोग घायल हुए हैं।
घटना के वक्त स्कूल में मौजूद एक 18 वर्षीय छात्र ने बताया कि शुरुआत में उसे लगा कि कहीं पटाखे फूट रहे हैं या कोई जोर-जोर से दरवाजा पीट रहा है। उसने कहा, "पहले मुझे बिल्कुल नहीं लगा कि यह गोली चलने की आवाज है। लगातार कई फायर हुए। कुछ देर शांति रही और फिर दोबारा गोलियां चलने लगीं। तब हमें समझ आया कि मामला बेहद गंभीर है।"
स्कूल में मची अफरा-तफरी
घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। इमरजेंसी टीम और एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचीं। राहतकर्मियों की तस्वीरों में छात्र-छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकालते हुए देखा गया। कुछ घायल स्ट्रेचर पर अस्पताल भेजे गए, जबकि कई लोगों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
प्रशासन के मुताबिक, इस स्कूल में 2025 शैक्षणिक सत्र के दौरान करीब 3,100 छात्र और 147 शिक्षक पंजीकृत थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह जानने की कोशिश की जा रही है।


Click it and Unblock the Notifications
