थाईलैंड-कंबोडिया बॉर्डर पर बुलडोजर से गिराई गई विष्णु भगवान की विशाल प्रतिमा, भारत ने जताई नाराजगी
Thai cambodia border dispute: कंबोडिया-थाईलैंड बॉर्डर संघर्ष के बीच एक विष्णु भगवान की विशाल प्रतिमा ध्वस्त कर दी गई है। प्रतिमा के इस विध्वंस से ऑनलाइन गहरा रोष फैल गया। भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने अब इस मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए इसे अनादरपूर्ण और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। इसके साथ ही विदेश मंत्राललय ने स्पष्ट किया कि ऐसे कृत्य धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के साथ-साथ हमारी साझा सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक विरासत को भी क्षति पहुंचाते हैं।
दो सप्ताह से अधिक चले सैन्य संघर्ष के बाद, कंबोडियाई अधिकारियों ने थाईलैंड पर सीमा विवादित क्षेत्र में भगवान विष्णु की प्रतिमा नष्ट करने का आरोप लगाया। यह मूर्ति 2014 में स्थापित की गई थी जो कंबोडिया के प्रेह विहार प्रांत में सीमा से लगभग 100 मीटर दूर पर थी, जिसे सोमवार को थाई सैन्यकर्मियों ने एक्सकेवेटर से गिरा दिया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए बताया कि यह घटना थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद से प्रभावित क्षेत्र में हुई है। उन्होंने जोर देकर कहा, "क्षेत्रीय दावों के बावजूद, ऐसे अनादरपूर्ण कार्य दुनिया भर के अनुयायियों की भावनाओं को ठेस पहुँचाते हैं, और ऐसा नहीं होना चाहिए।"
"हिंदू और बौद्ध देवता हमारी साझा सभ्यतागत विरासत है"
जायसवाल ने आगे कहा, "हिंदू और बौद्ध देवता हमारी साझा सभ्यतागत विरासत का हिस्सा हैं, जिनकी इस पूरे क्षेत्र में गहरी श्रद्धा और पूजा की जाती है।" उन्होंने एक बार फिर दोनों पक्षों से "संवाद और कूटनीति पर लौटकर शांति बहाल करने तथा जान-माल व विरासत को किसी भी तरह के नुकसान से बचाने" का आग्रह किया।
खतरे में हैं कई प्राचीन मंदिर
ये संघर्ष कंबोडिया और थाईलैंड के बीच 800 किलोमीटर लंबी औपनिवेशिक काल की सीमा के सीमांकन संबंधी क्षेत्रीय विवाद से उपजे हैं। याद रहे कई प्राचीन मंदिर इन्हीं विवादित क्षेत्रों में स्थित हैं।
पिछले जुलाई में दोनों पक्षों के बीच पांच दिनों की लड़ाई में दर्जनों लोग मारे गए थे, जिसके बाद अमेरिका, चीन और मलेशिया ने युद्धविराम कराया था। हालांकि, दिसंबर में यह सीमा संघर्ष फिर भड़क उठा, जिसमें 40 से अधिक लोगों की जान गई और लगभग दस लाख नागरिक विस्थापित हुए।
ताज़ा जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के युद्धविराम बहाल करने पर सहमत होने के बाद थाईलैंड और कंबोडिया के सैन्य अधिकारियों ने बुधवार को बातचीत शुरू की है।












Click it and Unblock the Notifications