अंतरिक्ष तक पहुंची एलन मस्क-डोनाल्ड ट्रंप की जुबानी जंग, Tesla को झटके के बाद SpaceX ने उड़ाई NASA की नींद
दुनिया के सबसे अमीर आदमी एलन मस्क (Elon Musk) और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के बीच सोशल मीडिया पर छिड़ी जुबानी जंग अब अंतरिक्ष (Space) तक पहुंच गई है।
मस्क ने गुरुवार को ट्रंप की धमकी का जवाब देते हुए कहा कि वह SpaceX का ड्रैगन अंतरिक्ष यान 'तुरंत प्रभाव' से डीकमीशन (बंद) करने जा रहे हैं। यह वही यान है जो NASA के लिए अंतरिक्ष यात्रियों और जरूरी सामान को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) तक पहुंचाता है।

ट्रंप की धमकी, मस्क की पलटवार
डोनाल्ड ट्रंप ने एलन मस्क की कंपनियों- SpaceX और Starlink को दिए जा रहे सरकारी कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने की धमकी दी। इसके जवाब में मस्क ने अपने X (ट्विटर) अकाउंट से कहा कि SpaceX 'तुरंत ड्रैगन यान को डीकमीशन' करेगा। हालांकि, यह बयान कितना गंभीर है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन इसके बाद NASA और अमेरिका की स्पेस स्ट्रैटेजी को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
ड्रैगन यान क्यों है इतना अहम?
SpaceX का ड्रैगन यान फिलहाल अमेरिका की इकलौती ऐसी तकनीक है जो चार अंतरिक्ष यात्रियों को एक साथ स्पेस स्टेशन तक पहुंचा सकती है।
इसका इस्तेमाल NASA के साथ-साथ निजी कंपनियों (जैसे Axiom Space) द्वारा भी मिशनों के लिए किया जा रहा है। ड्रैगन के कार्गो वर्जन के जरिए खाद्य सामग्री (Food item) और उपकरण (Equipment) भी ISS तक पहुंचते हैं। NASA ने इसी यान से 2020 में पहली बार निजी कंपनी द्वारा ऑर्बिटल क्रू लॉन्च किया था।
Boeing और Russia से कोई खास उम्मीद नहीं
Boeing का Starliner अब तक केवल एक ही बार यात्रियों को लेकर गया है और वह मिशन भी मुश्किलों से भरा रहा। रूस का Soyuz यान अभी भी ऑप्शन है, लेकिन वह महंगा है और केवल 3 यात्रियों को ले जा सकता है।
NASA अभी एक बार फिर से रूस और SpaceX के साथ बार्टर सिस्टम पर काम कर रहा है ताकि हर यान में एक-एक रूसी और अमेरिकी यात्री मौजूद रहें।
SpaceX के पास और भी अहम जिम्मेदारियां
SpaceX न केवल क्रू और कार्गो मिशन चला रहा है, बल्कि उसे NASA के कई वैज्ञानिक मिशन और भविष्य में चांद पर भेजे जाने वाले मिशन (Starship) की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इतना ही नहीं, ISS को डीकमीशन (यानी उसकी सर्विस समाप्त) करने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से ऑर्बिट से बाहर लाने की डील भी SpaceX को मिली हुई है।
NASA की नींद उड़ी
अगर मस्क वाकई ड्रैगन यान को बंद करने का फैसला करते हैं, तो NASA के पास क्रू और सप्लाई भेजने का कोई भरोसेमंद विकल्प नहीं बचेगा। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिकी स्पेस मिशनों पर असर पड़ सकता है।












Click it and Unblock the Notifications