Taliban: रमज़ान में तालिबान में क्यों दहशत में हैं नाई? दाढ़ी पर फरमान सुन सदमें में आए लोग
अफगानिस्तान में सत्ता संभालने के बाद तालिबान ने अपने कट्टर इस्लामी नियमों को चरणबद्ध तरीके से लागू करना शुरू किया था, लेकिन अब तो उसने हद कर दी है। अब रमज़ान में नाईयों को लेकर ऐसा तलिबानी फरमान जारी किया गया है जिससे नाई दहशत में हैं।
दरसअल, हालिया आदेश के मुताबिक, पुरुषों की दाढ़ी "मुट्ठी से लंबी" होनी चाहिए। जो नाई इस मानक से छोटी दाढ़ी काटते पाए जा रहे हैं, उन्हें अरेस्ट किया जा रहा है। जिसके कारण तालिबान के नाई ही नहीं लोग भी दहशत में हैं।

तालिबान ने क्यों जारी किया ये नियम?
यह निर्देश तालिबान के तथाकथित 'नेक कामों के प्रचार और बुराइयों की रोकथाम' मंत्रालय की ओर से जारी हुआ है। मंत्रालय के मंत्री खालिद हनफी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शरीया कानून के तहत लोगों की बाहरी सूरत कैसी हो, यह तय करना सरकार की जिम्मेदारी है। उनके अनुसार, अधिकारियों का कर्तव्य है कि वे "इस्लामी व्यवस्था" को हर हाल में लागू करें।
अधिकारी सड़कों पर कर रहे गश्त
एएफपी की रिपोर्ट बताती है कि मंत्रालय के अधिकारी अब सड़कों पर गश्त कर रहे हैं और नाइयों की दुकानों की जांच कर रहे हैं। माहौल ऐसा है कि कैंची चलाने से पहले भी नाइयों को नियमों की 'दाढ़ी की माप' याद रखनी पड़ रही है।
मॉडर्न स्टाइल बाल काटने पर नाई को हुई जेल
यह नया फरमान सिर्फ दाढ़ी तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे उस व्यापक अभियान का हिस्सा समझा जा रहा है। गजनी में एक नाई को "मॉडर्न स्टाइल" बाल काटने पर तीन रात हिरासत में रखा गया। एएफपी से उसने बताया कि बिना आरोप रिहा होने के बाद भी वह गश्त के दौरान ग्राहकों संग छिप जाता है, क्योंकि अधिकारियों से सवाल करने की हिम्मत किसी में नहीं-अक्सर ग्राहक छूटता है, नाई पकड़ा जाता है।
छात्रों को भी जारी किया गया फरमान
धार्मिक मंत्रालय ने दाढ़ी मुंडवाने को "बड़ा पाप" बताने के निर्देश दिए हैं। यह आदेश विश्वविद्यालयों तक पहुंच चुका है-काबुल विश्वविद्यालय में छात्रों को चेतावनी है कि तय इस्लामी रूप-रंग न अपनाया तो कार्रवाई होगी।
दाढ़ी मुंडवाने पर शरिया-आधारित सज़ा की चेतावनी
अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत में तालिबान अधिकारियों ने दाढ़ी मुंडवाने वाले व्यक्तियों को "शरिया-आधारित सज़ा" की चेतावनी दी है। यह फरमान समूह के 'पुण्य के प्रचार और बुराई की रोकथाम' कानून के तहत जारी हुआ है, जो इस्लामिक नियमों के पालन पर जोर देता है।
क्या है दाढ़ी से जुड़ा कानून?
हेलमंद में तालिबान के मीडिया कार्यालय के अनुसार कानून लागू करने वाली समिति ने एक बैठक की। इसमें कानून के अनुच्छेद 22 के खंड 18 पर चर्चा हुई, जो "दाढ़ी मुंडवाने के निषेध और निंदा" से संबंधित है। अनुच्छेद 22 के अनुसार, समूह की 'नैतिकता पुलिस' बुराई माने जाने वाले कार्यों को रोकती है। खंड 18 दाढ़ी मुंडवाने या उसे निर्धारित लंबाई से छोटा करने पर प्रतिबंध लगाता है। बैठक में यह तय हुआ कि उल्लंघन करने वालों को तालिबान की इस्लामी कानून व्याख्या के अनुसार सज़ा दी जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications