इसी कार से भागा था तालिबान का संस्थापक Mulla Umar, अब जमीन खोदकर निकाली गई...
काबुल, 05 जुलाईः अफगानिस्तान के इस्लामिक अमीरात के संस्थापक दिवंगत मुल्ला मुहम्मद उमर मुजाहिद की टोयोटा वैगन को जमीन के भीतर से खोदकर निकाला गया है। इस टोयोटा वैगन का उपयोग मुल्ला उमर द्वारा किया जाता था। शांति कार्यकर्ता मोहम्मद जमाल के मुताबिक संयुक्त राज्य अमेरिका के नेतृत्व वाले आक्रमण की शुरुआत के दौरान कंधार से ज़ाबुल प्रांत की यात्रा के लिए मुल्ला उमर ने इसका इस्तेमाल किया था।
मुल्ला उमर ने की थी तालिबान की स्थापना
तालिबान की स्थापना मुल्ला उमर ने ही की थी। मुल्ला उमर ने 1994 में इस्लामिक अमीरात ऑफ अफगानिस्तान (तालिबान) की स्थापना की और 2013 में अपनी मृत्यु तक इसके पहले नेता के रूप में कार्य किया। मुल्ला उमर की मृत्यु जुलाई 2015 तक छिपी रही, उस दौरान तालिबान ने उसके नाम पर बयान जारी करना जारी रखा। मुस्लिम धार्मिक नेता मुल्ला उमर 1979 में सोवियत संघ के हमले के बाद जिहादी बना था।

मरते दम तक अमेरिका को देता रहा चकमा
तालिबान की स्थापना के बाद से मुल्ला उमर इस आतंकी संगठन का सरगना बन गया था। ये इतना बड़ा वांडेट आतंकी था कि अमेरिका ने इस एक आंख वाले व्यक्ति के सिर पर एक करोड़ डॉलर का इनाम रखा था। मुल्ला उमर का ठिकाना इतना गोपनीय था कि अफगानिस्तान का चप्पा-चप्पा छानने के बाद भी अमेरिका को इसका कोई सुराग नहीं मिला था।
2015 में हुई मौत की पुष्टि
साल 2015 में मुल्ला उमर के बेटे मुल्ला मोहम्मद याकूब ने अपने पिता की दो साल पहले मौत की पुष्टि की थी। मुल्ला उमर अल कायदा चीफ ओसामा बिन लादेन का भी काफी करीबी था। मुल्ला का जन्म 1960 में देश के दक्षिण में कंधार प्रांत के खाकरेज जिले के चाह-ए-हिम्मत नामक गांव में हुआ था। तालिबान अपने सर्वोच्च नेता को मुल्ला मोहम्मद उमर मुजाहिद के नाम से संबोधित करता है। वह होतक जनजाति के तोम्जी कबीले से संबंधित था।












Click it and Unblock the Notifications