सेमीफाइनल में पाकिस्तान हारा तो बलूचिस्तान में फूटे पटाखे, अफगानों ने किया भांगड़ा, पसरा मातम
जब भारत की हार के बाद भारत में पटाखे फोड़े गये थे तो पाकिस्तानी नेताओं ने उसका जश्न मनाया था, अब जश्न मनाने की बारी भारत की है।
काबुल/इस्लामाबाद, नवंबर 12: टी-20 विश्वकप सेमीफाइनल में पाकिस्तान की हार के सबसे ज्यादा जश्न अफगानिस्तान और बलूचिस्तान में मनाया जा रहा है। भारतीय क्रिकेट फैंस तो सिर्फ ट्वीटर पर मजे ले रहे हैं, लेकिन अफगानिस्तान और बलूचिस्तान के लोग सड़कों पर उतर रहे हैं, जिसके बाद पाकिस्तान में तनाव फैलने की खबर सामने आ रही है।

पाकिस्तान की करारी हार
इसमें कोई शक नहीं कि इस विश्व कप में पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है और पाकिस्तान के कई खिलाड़ियों ने इस विश्वकप में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। खासकर कप्तान बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान, शाहीन शाह आफरीदी ने अपनी टीम की जीत में अहम योगदान दिया है, लेकिन पाकिस्तानी टीम को शुरूआती मैचों में टॉस जीतने का बहुत बड़ा फायदा मिला था। खासकर भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ पाकिस्तान की जीत में टॉस ने काफी अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन, कहते हैं ना लक हमेशा साथ नहीं होता, अहम सेमीफाइनल में पाकिस्तानी टीम टॉस हार गई और पाकिस्तानी टीम के साथ भी वही हुआ, जो भारत और न्यूजीलैंड के साथ हुआ था और मैच में पाकिस्तानी टीम की करारी हार हो गई, लेकिन इसके साथ ही पाकिस्तान अधिगृहित बलूचिस्तान में पटाखे फूटने लगे।
बलूचिस्तान में हार पर जश्न
बलूचिस्तान के ऊपर पर सैन्य शक्ति से तो पाकिस्तान ने कब्जा कर लिया है, लेकिन बलूचिस्तान के लोगों पर पाकिस्तान उसी तरह से हमले कर रहा है। बलूचिस्तान में पाकिस्तान जमकर दमन कर रहा है, लिहाजा जैसे ही पाकिस्तान की क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया से मैच हारी, ठीक वैसे ही बलूचिस्तान के लोगों ने डांस करना शुरू कर दिया। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बलूच कार्यकर्ता शायजाद बलोच ने एक वीडियो ट्वीटर पर पोस्ट किया है, जिसमें बलूचिस्तान के लोग पाकिस्तान के हारने के बाद डांस करते नजर आ रहे हैं।

तालियों से पाकिस्तान की हार का स्वागत
वीडियो में दिख रहा है कि, जैसे ही ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ी मैथ्यू वेड ने शाहीन शाह अफरीदी के 19वें ओवर में तीन गगनचुंबी छक्के जड़कर पाकिस्तान को हराया, ठीक वैसे ही बलूचिस्तान में तालियों की गड़गड़ाहट से पाकिस्तान की हार का स्वागत किया जाने लगा। खुशी की वजह से लोग अपनी कुर्सियों से उछल पड़े और एक दूसरे को बधाई देने लगे। बलूचिस्तान के लोग पाकिस्तान की हार पर जमकर खुशी मनाने लगे। ये तस्वीरें साफ तौर पर बताती हैं कि, पाकिस्तान के खिलाफ बलूचिस्तान के लोगों में कितनी नफरत और कितना गुस्सा भरा हुआ है।

पाकिस्तानी नेताओं ने जताई थी खुशी
याद कीजिए, इसी विश्वकप का भारत का पहला मैच, जब पाकिस्तान से भारतीय क्रिकेट टीम हार गई थी और भारत में मौजूद कुछ 'तत्वों' में जमकर जश्न मनाया था और पटाखे फोड़े थे, उस वक्त जब भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने जब कार्रवाई की थी, तो पाकिस्तानी नेताओं ने उसे 'जुल्म' बताया था और भारत में पटाखे फूटने पर खुशी जताई थी, लेकिन अब जब बलूचिस्तान में पटाखे फूट रहे हैं और लोगों के जश्न मनाने के वीडियो सामने आ रहे हैं, तो पाकिस्तान में मातम पसर गया है।

बलूचों पर अत्याचार
बलूचिस्तान 1947 से पहले तक एक आजाद मुल्क था लेकिन 1947 में पाकिस्तान ने पूरे बलूचिस्तान पर कब्जा जमा लिया था और बलूचिस्तान के लोग लगातार आजादी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। पाकिस्तान की सेना ने बलूचिस्तान पर जुल्म और सितम की हर हद को पार कर दिया और हजारों बलूच नेताओं को मरवा दिया, उन्हें गायब करवा दिया। बलूचिस्तान की आजादी मांगने वाले सैकड़ों कार्यकर्ताओं को पाकिस्तान की सरकार और आर्मी ले बचने के लिए देश छोड़कर भागना पड़ा। अभी भी सैकड़ों बलूच कार्यकर्ता पाकिस्तान की जेलो में बंद हैं या फिर देश छोड़कर भागे हुए हैं।

प्राकृतिक संपदा की लूट
बलूचिस्तान में प्राकृतिक गैस और खनिज का भंडार है और पाकिस्तान की सरकार इसीलिए बलूचिस्तान में लूट मचाए हुए हैं। पाकिस्तान की सरकार बलूचिस्तान से लूट मार करती है और बाकी पाकिस्तान की पेट भरती है। बलूचिस्तान के पास जो प्राकृतिक संसंधान हैं, उससे बलूचिस्तान को कोई फायदा नहीं मिलता है। पाकिस्तान ने बलूचिस्तान का भी सौदा चीन के हाथों कर रखा है। बलूचिस्तान से होकर ही सीपीईसी यानि चायना-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर गुजरता है, जो करीब 60 अरब डॉलर का है। बलूचिस्तान के अंदर पाकिस्तान को लेकर भारी नफरत है और पाकिस्तान की सेना दमन के जरिए नफरत को कुचलने की कोशिश करती है।
अफगानिस्तान में भी जश्न
सिर्फ बलूचिस्तान में ही नहीं, बल्कि अफगानिस्तान में भी पाकिस्तान की हार पर जमकर जश्न मनाया गया है और जैसे ही पाकिस्तान टीम की हार पर मैथ्यू वेड के छक्के ने मुहर लगाई, ठीक वैसे ही अफगानिस्तान के कई इलाकों में लोग सड़कों पर उतर आए और डांस करने लगे। अफगानिस्तान के पत्रकार हबीब खान ने खोस्त प्रांत से एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें पाकिस्तान की हार पर लोग जश्न मनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि, पाकिस्तान की हार में अफगानिस्तान के लोग पारंपरिक नृत्य कर रहे हैं। आपको बता दें कि, अफगानिस्तान में पाकिस्तान के खिलाफ भयानक गुस्सा है और लोग देश की बर्बाद स्थिति के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार बताते है और पाकिस्तान पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications