अफगानिस्तान के होटल में जोरदार धमाका, 3 लोगों की मौत, कई घायल, निकला पाकिस्तानी कनेक्शन!
अफगानिस्तान के खोस्त प्रान्त के एक होटल में सोमवार को एक जोरदार धमाका हुआ है जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है। इस घटना में कम से कम 7 लोग घायल भी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने कहा कि घायलों में कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि विस्फोट का कारण क्या था और इसके पीछे कौन लोग हैं।

पुलिस प्रवक्ता मुस्तगफिर गुरबाज ने कहा कि खोस्त, अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांत में पड़ता है। जिस होटल में धमाका हुआ है वहां अफगानी और मूल रूप से पाकिस्तान के उत्तरी वजीरिस्तान प्रांत के लोग आते हैं। गुरबाज ने होटल में ठहरे पाकिस्तानी शरणार्थियों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
अभी तक किसी संगठन ने विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है। हालांकि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पिछले हमलों के लिए आईएसआईएल (आईएसआईएस) के क्षेत्रीय सहयोगी को दोषी ठहराया है- जिसे खुरासान प्रांत में इस्लामिक स्टेट के रूप में जाना जाता है।
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, जिस होटल में धमाका हुआ है, वह होटल पाकिस्तानी तालिबान से जुड़े हाफिज गुल बहादुर गुट के लड़ाकों का ठिकाना था, जहां अक्सर इस गुट के लोग होटल में जाया करते थे।
पाकिस्तानी तालिबान को तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान या टीटीपी के नाम से जाना जाता है, ने पाकिस्तान में हुए कई आतंकी हमलों को अंजाम दिया है। पाकिस्तान में अधिकारियों ने कहा है कि टीटीपी के मेंबर खोस्त और अफगानिस्तान में अन्य जगहों पर छिपे हुए हैं।
यह संगठन अफगान तालिबान का करीबी सहयोगी है, जिसने अगस्त 2021 में अफगानिस्तान में सत्ता पर कब्जा कर लिया था।
तालिबान ने कहा है कि वे अफगानिस्तान को सुरक्षित करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और उन्होंने हाल के महीनों में इस्लामिक स्टेट की शाखाओं के खिलाफ कई छापे मारे हैं। हालांकि इस तरह की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं हैं।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, 2021 में अमेरिकी और नाटो बलों के अफगानिस्तान छोड़ने और तालिबान के सत्ता में आने के बाद से बमबारी और अन्य हिंसा में 1,000 से अधिक अफगान नागरिक मारे गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications