रामायण से जुड़े पर्यटन स्थलों की यात्रा को बढ़ावा देगा श्रीलंका, सनथ जयसूर्या इस पर कर रहे काम
लंका के नवनियुक्त पर्यटन ब्रांड एंबेसडर और क्रिकेट बल्लेबाज सनथ जयसूर्या ने मंगलवार को कहा कि उनका देश भारतीय पर्यटकों के लिए रामायण से जुड़े स्थलों की यात्रा को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करेगा
कोलंबो, 09 अगस्तः श्रीलंका के नवनियुक्त पर्यटन ब्रांड एंबेसडर और क्रिकेट बल्लेबाज सनथ जयसूर्या ने मंगलवार को कहा कि उनका देश भारतीय पर्यटकों के लिए रामायण से जुड़े स्थलों की यात्रा को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करेगा। भीषण आर्थिक संकट से गुजर रहा द्वीप राष्ट्र आर्थिक सुधार के लिए पर्यटन को बढ़ावा देने पर ध्यान देना चाहता है।

जयसूर्या ने भारतीय उच्चायुक्त से की मुलाकात
श्रीलंका के पूर्व क्रिकेट कप्तान जयसूर्या ने सोमवार को कोलंबो में भारत के उच्चायुक्त गोपाल बागले से मुलाकात की। इसे लेकर भारतीय उच्चायोग ने भी ट्वीट किया है। भारतीय उच्चायोग ने ट्वीट किया, 'श्रीलंका के नवनियुक्त पर्यटन ब्रांड एंबेसडर, क्रिकेट के दिग्गज सनत जसयूर्सा ने आज उच्चायुक्त से मुलाकात की। बैठक भारत और श्रीलंका के लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने और आर्थिक सुधार के लिए एक माध्यम के रूप में पर्यटन को बढ़ावा देने पर केंद्रित थी।
जयसूर्या ने किया ट्वीट
ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए जयसूर्या ने मंगलवार को कहा कि मुलाकात के लिए सहमत होने पर बागले का धन्यवाद। जयसूर्या ने ट्वीट किया, 'हम भारतीय पर्यटकों के लिए रामायण से जुड़े स्थलों की यात्रा को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।' भारत और श्रीलंका दोनों ने 2008 में रामायण विरासत के आधार पर साझा सांस्कृतिक और धार्मिक मूल्यों को बढ़ाने पर काम करने पर सहमति व्यक्त की।

श्रीलंका में रामायण से जुड़े हैं 52 स्थल
रामायण प्राचीन भारत के दो प्रमुख महाकाव्यों में से एक है और हिन्दू धर्म का एक महत्वपूर्ण ग्रंथ है। श्रीलंका में रामायण से जुड़े 52 स्थल हैं। मई में भारत से श्रीलंका की यात्रा पर जाने वाले सबसे अधिक लोग 5,562 लोग थे। इसके बाद ब्रिटेन का स्थान है। ब्रिटेन से मई में श्रीलंका जाने वाले 3,723 लोग थे।

श्रीलंका की बर्बादी में पर्यटन का हाथ
गौरतलब है कि कोरोना से पहले श्रीलंका की अर्थव्यवस्था में लगभग 10 फीसदी योगदान पर्यटन का होता था। कोरोना काल में प्रतिबंधों के कारण दूसरे देशों के पर्यटक श्रीलंका नहीं आ सके। इससे उसे कोई कमाई नहीं हुई और उसे डॉलर में कोई आय नहीं हुई। इससे देश की अर्थव्यवस्था का हाल बुरा हो गया।












Click it and Unblock the Notifications