जान की बाजी लगाकर टूटी नाव से इस देश में चोरी से घुस रहे थे 6 भारतीय, गिरफ्तार
अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश के आरोप में छह भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी लोग एक टूटी नौका में सवार होकर कनाडा से अमेरिका में घुसने की कोशिश कर रहे थे।
वॉशिंगटन, 07 मई: अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने की कोशिश के आरोप में छह भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी लोग एक टूटी नौका में सवार होकर कनाडा से अमेरिका में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इन सभी की उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस इस मामले को मानव तस्करी से जोड़कर देख रही है।

कनाडा से अमेरिका जा रहे थे युवक
अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा कि बीते 28 अप्रैल को सेंट रेजिस मोहॉक ट्राइबल पुलिस डिपार्टमेंट, अक्वेस्ने मोहॉक पुलिस सर्विस और होगन्सबर्ग-अक्वेस्ने वालंटियर फायर डिपार्टमेंट की सहायता से अमेरिकी अधिकारियों ने मसेना सीमा गश्ती स्टेशन से सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में से छह भारतीय नागरिक हैं।
एक अमेरिकी व्यक्ति भी शामिल
इन लोगों पर अमेरिकी कानून का उल्लंघन कर अवैध रूप से अमेरिका में दाखिल होने की कोशिश करने का आरोप है। गिरफ्तार हुआ सातवां व्यक्ति अमेरिका का नागरिक है, जिस पर मानव तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। दोषी पाए जाने पर इन लोगों को जुर्माने के साथ 10 साल कैद की सजा हो सकती है।
नाव पर नहीं था लाइफ जैकेट
पिछले हफ्ते अक्वेस्ने मोहॉक पुलिस बल को संदिग्ध गतिविधि की सूचना दी गयी थी, जिसके मुताबिक एक संदिग्ध नाव कनाडा के ओंटारियो से अमेरिका की तरफ जा रही थी। इस नाव में कई व्यक्ति शामिल थे। पुलिस ने गश्ती के दौरान पाया कि एक नावी पानी में डूब रहा है, जिसके बाद पुलिस उस नाव को बाहर निकालने में कामयाब रही। पुलिस ने बताया कि उस नाव पर एक भी सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं था। अत्यधिक ठंडे पानी में भीगने के कारण उन सभी लोगों की हालत खराब थी। पानी से निकालने के बाद सभी लोगों का अस्पताल में इलाज कराया गया फिर उन्हें बार्डर पेट्रोलिंग स्टेशन ले जाया गया।
पहले भी आ चुके हैं ऐसे मामले
बता दें कि इससे पूर्व भी अमेरिका में अवैध घुसपैठ के कई मामले सामने आ चुके हैं। इससे पहले जनवरी में एक मामला सामने आया था जिसमें कनाडा-अमेरिका सीमा के समीप चार भारतीय मृत पाए गए थे। ये सभी एक ही परिवार के थे। ये सभी कनाडा से अमेरिका पैदल जाने का प्रयास कर रहे थे लेकिन अत्यधिक सर्दी की वजह से इन सभी की मौत हो गयी।












Click it and Unblock the Notifications