'इनाम की जरूरत नहीं', ऑस्ट्रेलिया में सिख टैक्सी ड्राइवर ने लौटाए 4.50 लाख रुपए, सोशल मीडिया हुआ मुरीद
Australia Sikh Taxi Driver Return Money: ऑस्ट्रेलिया में एक सिख टैक्स ड्राइवर ने साफ कर दिया कि जो खुद्दार है, उसका जमीर कभी नहीं डगमगा सकता। ऐसा इसलिए कि उन्होंने अपने कैब में एक पैसेंजर की लाखों की रकम ईमानदारी के साथ वापस लौटी दी।
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में करीब तीन दशकों के ज्यादा के वक्त से टैक्सी ड्राइवर के तौर पर काम कर रहे चरणजीत सिंह अटवाल की ईमानदारी की चर्चा सोशल मीडिया पर जमकर हो रही है।

सिख टैक्सी ड्राइवर अटवाल ने एक यात्री को लगभग 8,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 4.53 लाख भारतीय रुपए) लौटाकर ईमानदारी का परिचय दिया है, जो अनजाने में उनकी टैक्सी की पिछली सीट पर छोड़कर चला गया था।
पैसे लेकर पुलिस के पास पहुंचे अटवाल
टैक्सी ड्राइवर चरणजीत सिंह अटवाल ने 9न्यूज मेलबर्न को बताया कि वह अपनी कार में यात्रियों द्वारा छोड़ी गई चीजों को देखते रहते हैं। हाल ही में उनको पिछली सीट पर करीब 8,000 डॉलर मिले और वह तुरंत नकदी लेकर पुलिस के पास चले गए।
पैसे रखने का आया था ख्याल? जानें जवाब
उन्होंने बताया कि पिछली सीट पर हर जगह नकदी थी और पैसे को अपनी जेब में रखने के बजाय वह इसे पुलिस के पास ले गए। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके दिमाग में नकदी रखने का ख्याल आया, तो उन्होंने जवाब दिया, "नहीं, कभी नहीं।"
इसी के साथ जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें मालिक से बदले में इनाम मिला, तो उन्होंने कहा, "नहीं, मुझे इनाम की जरूरत नहीं है।"
सोशल मीडिया पर यूजर्स हुए मुरीद
अब सोशल मीडिया पर उनकी कहानी वायरल हो गई है। यूजर्स उनकी ईमानदारी की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। एक यूजर ने टिप्पणी की, "इस तरह की सकारात्मक कहानियां दूसरों को भी अच्छा करने के लिए प्रोत्साहित करेंगी।"
ऐसे ही एक यूजर ने उनकी प्रशंसा ने लिखा, 'वह धन्य है और उसकी ईमानदारी और अच्छे काम उनको दस गुना होकर वापस मिलेंगे।"












Click it and Unblock the Notifications