ईरान में सुषमा ने शॉल से ढका सिर तो हंगामा हो गया
तेहरान। दिसंबर में भारतीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज जब पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हरे रंग की साड़ी पहन कर पाक के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और अपने समकक्ष सरताज अजीज से मिली थीं, तो भारत में विवाद शुरू हो गया था। अब जब सुषमा ईरान की राजधानी तेहरान पहुंची तो फिर उनके कपड़े पहनने के ढंग के साथ ही एक नया विवाद जुड़ गया।

दरअसल रविवार को सुषमा ने साड़ी के साथ गुलाबी रंग की शॉल से सिर ढककर ईरान के राष्ट्रपति हसन रुहानी के साथ मुलाकात की थी। सुषमा के इस 'रंग-ढंग' से सोशल मीडिया के यूजर्स को बहस का नया मुद्दा मिल गया है।
वह पूछ रहे हैं कि जब सुषमा भारत की विदेश मंत्री हैं तो फिर उन्हें सिर ढंकने की क्या जरूरत थी। सुषमा एयरपोर्ट से ही सिर ढंके हुए नजर आ रही थीं।
विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने अपने ट्विटर हैंडल से जो तस्वीरें ट्वीट की हैं उसमें सुषमा साड़ी के ऊपर गुलाबी शाल ओढ़े हुए दिख रही हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है।
हालांकि कुछ लोग सुषमा के पक्ष में भी बोल रहे हैं। उनका कहना है कि स्थानीय परंपराओं का पालन करके उन्होंने एक अच्छा काम किया है।
गौरतलब है कि सुषमा स्वराज की यात्रा के दौरान भारत और ईरान चाबहार बंदरगाह परियोजना को जल्द आगे बढ़ाने पर सहमत हुए हैं।
इसके साथ ही अपनी पहली ईरान यात्रा के दौरान विदेशमंत्री सुषमा स्वराज ने राष्ट्रपति हसन रूहानी से मुलाकात की। सुषमा यहां से रूस की यात्रा पर रवाना हो गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications