UAE: राष्ट्रपति ने बड़े बेटे शेख खालिद बिन को बनाया अबू धाबी का क्राउन प्रिंस, भाई को दी ये अहम जिम्मेदारी
शेख मंसूर बिन जायद अल नाहयान को दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के साथ संयुक्त अरब अमीरात के उपाध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया। शेख मंसूर मैनचेस्टर सिटी फुटबॉल क्लब के मालिक हैं।

Image: Twitter
संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने अपने बेटे शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद को खाड़ी यूएई की राजधानी अबू धाबी का क्राउन प्रिंस नियुक्त किया है। शेख खालिद, शेख मोहम्मद बिन जायद के सबसे बड़े बेटे हैं। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने यूएई फेडरल सुप्रीम काउंसिल की मंजूरी के साथ नियुक्ति की घोषणा करते हुए एमरी डिक्री जारी की। आपको बता दें कि यूएई फेरल सुप्रीम काउंसिल देश का सर्वोच्च संवैधानिक प्राधिकरण है जिसमें सभी सात अमीरात के शासक शामिल हैं।
अबू धाबी कार्यकारी परिषद के सदस्य और अबू धाबी कार्यकारी कार्यालय के अध्यक्ष, शेख खालिद को पहले 15 फरवरी, 2016 को राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया था। इसके अलावा यूएई के राष्ट्रपति ने अपने भाई को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी है। MBZ के नाम से मशहूर यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद ने अपने भाई शेख मंसूर बिन जायद अल नाहयान को दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम के साथ संयुक्त अरब अमीरात के उपाध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया। आपको बता दें कि 52 वर्षीय शेख मंसूर मैनचेस्टर सिटी फुटबॉल क्लब के मालिक हैं।
मई 2022 में खलीफा बिन जायद की मौत के बाद उनके सौतेले भाई शेख मोहम्मद बिन जायद अल नह्यान को संयुक्त अरब अमीरात का राष्ट्रपति नियुक्त किया गया था। 61 वर्षीय शेख मोहम्मद बिन जायद अल नह्यान संयुक्त अरब अमीरात के तीसरे राष्ट्रपति हैं।












Click it and Unblock the Notifications