पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत, शाह महमूद कुरैशी सीक्रेट केबल मामले में फंसे
Shah Mahmood Qureshi News: पाकिस्तान में इमरान खान के करीबियों के खिलाफ सरकार का अभियान जारी है और ऑफिसियल सीक्रेट एक्ट के तहत पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी को 14 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हाल ही में बनाए गये इस्लामाबाद की एक विशेष अदालत ने बुधवार को पीटीआई के उपाध्यक्ष शाह महमूद कुरेशी को सीक्रेट केबल लीक मामले में 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पूर्व विदेश मंत्री को इस महीने की शुरुआत में फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एफआईए) ने पूर्व प्रधान मंत्री इमरान खान और कुरैशी के खिलाफ ऑफिसियल सीक्रेट एक्ट-1923 के तहत 15 अगस्त को दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर गिरफ्तार किया था।
पूर्व विदेश मंत्री को न्यायिक रिमांड
एफआईआर में आरोप लगाया गया है, कि इमरान खान, शाह महमूद कुरेशी और उनके अन्य सहयोगी, एक सीक्रेट क्लासीफाइड डॉक्यूमेंट्स (पारेप वाशिंगटन से 7 मार्च, 2022 को विदेश मंत्रालय के सचिव को प्राप्त साइफर टेलीग्राम) को उन्होंने अनाधिकृत व्यक्तियों को दिखाया।
आरोप है, कि इमरान खान और शाह महमूद कुरैशी ने अपने फायदे के लिए राज्य के सुरक्षा हितों को ना सिर्फ सार्वजनिक किया, बल्कि तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया। इन दोनों के खिलाफ, मामला तब दर्ज किया गया था, जब एक अमेरिकी समाचार आउटलेट द इंटरसेप्ट ने हाल ही में उस राजनयिक केबल की सामग्री प्रकाशित की थी, जो कथित तौर पर इमरान के पास से गायब हो गई थी।
इमरान खान ने लगातार दावा किया था, कि उन्हें पिछले साल "अमेरिकी साजिश" के तहत पद से हटा दिया गया था। पीटीआई का आरोप है, कि साइफर में संयुक्त राज्य अमेरिका की तरफ से, इमरान खान को सत्ता से बाहर करने की धमकी दी गई थी। हालांकि, बाद में इमरान खान अपनी बातों से पलट गये थे।
पाकिस्तानी जांच एजेंसी शुरू में एक गोपनीय राजनयिक केबल की सामग्री का खुलासा करने और उसे अपने कब्जे में रखने के लिए इमरान की जांच कर रही थी। हालांकि, इमरान खान के पूर्व प्रमुख सचिव आजम खान ने इमरान खान के खिलाफ बयान दे दिया, जिसके बाद इमरान खान के खिलाफ शिकंजा कस दिया गया।
शनिवार को जांच एजेंसी की छह सदस्यीय टीम ने अटक जेल में पीटीआई प्रमुख इमरान खान से एक घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की थी, जहां उन्हें तोशाखाना मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद कैद किया गया है।
इससे पहले आज, विशेष अदालत के न्यायाधीश अबुअल हसनत ज़ुल्कारनैन ने इमरान खान की बंद कमरे में सुनवाई की अध्यक्षता की, जो अटक की जिला जेल में आयोजित की गई थी। जहां, इमरान खान की न्यायिक हिरासत 13 सितंबर तक के लिए बढ़ा दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications