Open AI से निकाले गए सैम ऑल्टमैन अब माइक्रोसॉफ्ट में हुए शामिल, इस खास प्रोजेक्ट पर करेंगे काम
चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपनएआई से बर्खास्त किए गए सीईओ सैम ऑल्टमैन अब माइक्रोसॉफ्ट के साथ मिलकर काम करेंगे। इसकी जानकारी माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने खुद ट्वीट करके दी।
कंपनी की ओर से जारी की गई जानकारी के मुताबिक, ऑल्टमैन के साथ ग्रेग ब्रॉकमैन भी माइक्रोसॉफ्ट के साथ काम करेंगे। जानकारी के अनुसार सैम ऑल्टमैन और ब्रॉकमैन माइक्रोसॉफ्ट में एक नई एडवांस्ड एआई रिसर्च टीम को लीड करेंगे।

सत्या नडेला ने एक्स पर लिखा, 'माइक्रोसॉफ्ट ओपन एआई के साथ साझेदारी को लेकर प्रतिबद्ध है और उसे अपने प्रोडक्ट रोडमैप भरोसा है। कंपनी ओपनएआई के नए सीईओ इम्मेट शीयर और नए नेतृत्व को जानने और उनके साथ काम करने के लेकर उत्साहित है।
सत्या ने आगे लिखा कि, मैं यह जानकारी देते हुए बहुत उत्साहित हूं कि ऑल्टमैन और ब्रॉकमैन अपने सहकर्मियों के साथ माइक्रोसॉफ्ट में शामिल हो रहे हैं, जहां वे एक नई एडवांस्ड AI टीम का नेतृत्व करेंगे। इसके लिए उन्हें जरूरी संसाधन मुहैया कराए जाएंगे।'
सत्य नडेला की पोस्ट को शेयर करते हुए सैम ऑल्टमैन ने एक्स पर लिखा, 'द मिशन कंटीन्यू'। ऑल्टमैन की बर्खास्तगी और ग्रेग ब्रॉकमैन के इस्तीफे के बाद ओपनएआई से तीन सीनियर रिसर्चर्स ने भी इस्तीफा दे दिया था और कई अन्य लोगों के जाने की तैयारी है।
द इन्फॉर्मेशन की एक रिपोर्ट के अनुसार, ओपनएआई रिसर्च डायरेक्टर जैकब पचॉकी, एआई जोखिम मूल्यांकन प्रुमख अलेक्जेंडर मैड्री और लंबे समय से रिसर्चर सिजमन सिदोर ने पद छोड़ दिया है। वे भी आल्टमैन के साथ उनकी नई टीम का हिस्सा हो सकते हैं।
ऑल्टमैन ने 2015 में ओपनएआई की शुरुआत करने में मदद की थी। पिछले साल चैटजीपीटी रिलीज होने के बाद से ऑल्टमैन एआई के फायदों और खतरों पर सबसे अधिक बात करने वाले लोगों में से एक रहे हैं। वहीं दूसरी ओर ओपन एआई कंपनी की ओर से शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा गया,ओपन एआई का नेतृत्व करने की उनकी क्षमता पर अब बोर्ड को भरोसा नहीं है। ओपन एआई की सीटीओ मीरा मुराती को तत्काल प्रभाव से अंतरिम सीईओ नियुक्त किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications